https://primexnews.com/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifलोकल न्यूज़
Trending

जेई पर लगे मनमानी के आरोप, सड़क पर उतर सकते हैं व्यापारी

जलालपुर ,अम्बेडकरनगर। कस्बे में स्मार्ट मीटर को लेकर व्यापारियों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। बढ़े हुए बिजली बिल, अचानक सप्लाई कटने और जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में बुधवार देर शाम व्यापारियों ने तीखी बैठक कर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया। बुधवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष आनंद जायसवाल के नेतृत्व में व्यापारियों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें विद्युत विभाग की मनमानी पर सवाल उठाए गए। वक्ताओं ने कहा कि बिना उपभोक्ता की सहमति के स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जो सरासर गलत है। जिला अध्यक्ष आनंद जायसवाल ने सीधे तौर पर नगर क्षेत्र के जेई अमित कुमार पर मनमानी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जेई द्वारा बिजली काटने की धमकी देकर जबरन स्मार्ट मीटर लगवाए जा रहे हैं, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने इस पूरे मामले में उच्च अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उद्योग व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष देवेश मिश्रा ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न अब नहीं सहा जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही इस पर रोक नहीं लगी तो व्यापारी सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे और आवाज सीधे शासन व ऊर्जा मंत्री तक पहुंचाई जाएगी। बैठक में नगर पालिका के प्रस्तावित अतिक्रमण विरोधी अभियान का समर्थन भी किया गया, लेकिन साथ ही व्यापारियों से अपील की गई कि वे अपनी दुकानों के सामने की पटरी और फुटपाथ खाली रखें, ताकि प्रशासन को कार्रवाई का बहाना न मिले। बैठक में व्यापारियों ने विद्युत विभाग से मांग की कि बिलिंग प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए, उपभोक्ताओं को सही जानकारी दी जाए और बिना सहमति के मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए।व्यापारियों के अनुसार, कई मामलों में उपभोक्ताओं का बैलेंस शून्य होने के बावजूद 2,000 से 3,000 रुपये तक के मनमाने बिल जारी कर दिए जाते हैं, जबकि उपभोक्ता पहले से एडवांस राशि जमा कर चुके होते हैं। इसके बावजूद बिजली आपूर्ति काटे जाने की शिकायतें भी आम हैं। इसके अलावा निजी स्कूलों की मनमानी फीस वृद्धि और कॉपी-किताब व ड्रेस को लेकर थोपे जा रहे नियमों पर भी व्यापारियों ने कड़ा विरोध जताया। बैठक में समाजसेवी दीपक त्रिपाठी, आदित्य गोयल,सीताराम अग्रहरि,गौरव उपाध्याय,राम वृक्ष भार्गव, प्रहलाद शर्मा, नंदलाल शर्मा, संदीप गुप्ता,दुर्गेश अग्रहरि,प्रवीण गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!