स्मारिका ‘अटल’ महानायक!’ तथा अटलजी पर केन्द्रित ई-बुक का विमोचन किया
श्रद्धेय अटल जी ने छह दशकों तक भारतीय राजनीति को मूल्यों और आदर्शां से जोड़कर उसे नई ऊँचाइयां दीं : मुख्यमंत्री

केन्द्रीय रक्षा मंत्री तथा मुख्यमंत्री, पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयन्ती की पूर्व संध्या पर आयोजित ‘एकल काव्य पाठ’ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए
स्मारिका ‘अटल’ महानायक!’ तथा अटलजी पर केन्द्रित ई-बुक का विमोचन किया
श्रद्धेय अटल जी ने एक जनप्रिय नेता के रूप में देशवासियों पर अमिट छाप छोड़ी : केन्द्रीय रक्षा मंत्री
श्रद्धेय अटल जी ने छह दशकों तक भारतीय राजनीति को मूल्यों और आदर्शां से जोड़कर उसे नई ऊँचाइयां दीं : मुख्यमंत्री
एक दूरदृष्टा राजनेता और अभिभावक के रूप में अटल जी का मार्गदर्शन देश को मिला
श्रद्धेय अटल जी ने गरीब कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पं0 दीनदयाल उपाध्याय जी के अन्त्योदय के सपने को साकार करने का कार्य किया
प्रदेश सरकार अटल जी की स्मृतियों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही
प्रधानमंत्री जी कल राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण करने लखनऊ आ रहे, यह स्थल श्रद्धेय अटल जी के प्रति हमारी विनम्र श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री ने लोक भवन स्थित पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी
लखनऊ : 24 दिसम्बर, 2025
केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी आज यहां पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयन्ती की पूर्व संध्या पर आयोजित ‘एकल काव्य पाठ’ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर कवि डॉ0 कुमार विश्वास द्वारा एकल काव्य पाठ किया गया, जिसे केन्द्रीय रक्षा मंत्री तथा मुख्यमंत्री जी सहित सभी लोगों ने सुना। केन्द्रीय रक्षा मंत्री तथा मुख्यमंत्री जी ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। उन्होंने श्रद्धेय अटल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने स्मारिका ‘अटल’ महानायक!’ तथा अटलजी पर केन्द्रित ई-बुक का विमोचन तथा सैण्ड आकृति बनाने वाले श्री रूपेश सिंह को सम्मानित किया।
केन्द्रीय रक्षा मंत्री जी ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि श्रद्धेय अटल जी का व्यक्तित्व अद्भुत था। कुछ व्यक्तियों का सम्मान उनके पद के कारण होता है। लेकिन कुछ ऐसे भी व्यक्ति होते हैं, जिनका सम्मान उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व के कारण होता है। श्रद्धेय अटल जी ऐसी ही शख्सियत थे।
केन्द्रीय रक्षा मंत्री जी ने कहा कि आज हम सभी यहां पर अटल जी की जयन्ती की पूर्व संध्या पर एकत्रित हुए हैं। श्रद्धेय अटल जी को श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों में एक ललक है। यहां का माहौल अपनत्व और आत्मीयता से भरा है। इसी तरह अटल जी का जीवन एवं व्यक्तित्व था, जो हर किसी के दिल को छू जाता था।
केन्द्रीय रक्षा मंत्री जी ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी ने एक जनप्रिय नेता के रूप में देशवासियों पर अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने अपनी कविताओं के माध्यम से लोगों के दिलों को जीतने में भी कामयाबी हासिल की। अटल जी के जीवन में ऊँचाई के साथ-साथ विस्तार भी था। अटल जी जितने गम्भीर थे, उतने ही विनोद प्रिय भी थे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी ने छह दशकों तक भारतीय राजनीति को मूल्यों और आदर्शां से जोड़कर उसे नई ऊँचाइयां दीं। अटल जी एक कवि, लेखक, पत्रकार तथा राजनेता थे। अटल जी का संघर्ष और संकल्प उनकी कविताओं में झलकता है। एक दूरदृष्टा राजनेता और अभिभावक के रूप में उनका मार्गदर्शन देश को मिला है। पूरी दुनिया अटल जी का सम्मान करती थी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी की ‘हार नहीं मानूंगा रार नहीं ठानूंगा, काल के कपाल पर लिखता मिटाता हूँ, गीत नया गाता हूँ’, जैसी कविताएं प्रत्येक उस नागरिक के लिए प्रासंगिक एवं प्रेरणादायी होती हैं, जिसके सामने किसी प्रकार का संकट एवं चुनौती हो। अटल जी देश के लिए ही दृढ़ इच्छाशक्ति से कार्य करने वाले दूरदर्शी राजनेता थे। उन्होंने गरीब कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पं0 दीनदयाल उपाध्याय जी के अन्त्योदय के सपने को साकार करने, ग्रामीण विकास, नगरीय कनेक्टिविटी तथा पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम की बेहतरी के लिए कार्य किया था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अटल जी भारतीय राजनीति के अजातशत्रु थे। प्रदेश सरकार उनकी स्मृतियों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। अटल जी के शताब्दी महोत्सव वर्ष के अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी कल राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण करने लखनऊ आ रहे हैं। इस स्थल पर डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी, पं0 दीनदयाल उपाध्याय जी एवं श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की 65-65 फीट ऊँची कांस्य प्रतिमाएं स्थापित की गयी हैं। यहाँ डिजिटल म्यूजियम के माध्यम से इनके विचार-दर्शन को जानने का अवसर मिलेगा। यहां के ओपन एयर थियेटर में 03 हजार लोग बैठ सकते हैं। यहां के मैदान में लगभग 02 लाख लोग एक साथ आ सकते हैं। अब लखनऊ में बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किये जा सकते हैं। राष्ट्र प्रेरणा स्थल में 04 हजार बसों तथा चार पहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है। यह राष्ट्र प्रेरणा स्थल श्रद्धेय अटल जी के प्रति हमारी विनम्र श्रद्धांजलि होगी। अटल जी ने कहा था कि ‘मेरे प्रभु मुझे इतनी ऊँचाई कभी मत देना, गैरों को गले लगा न सकूँ, इतनी रुखाई कभी मत देना’। यह हर भारतीय के लिए प्रेरणा है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक, एम0एस0एम0ई0 मंत्री श्री राकेश सचान, मत्स्य मंत्री श्री संजय निषाद, राज्य सभा सांसद डॉ0 दिनेश शर्मा, विधान परिषद सदस्य श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी, महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
इसके उपरान्त मुख्यमंत्री जी ने लोक भवन स्थित पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
——–
—






