टॉप न्यूज़देशयुवायूपीराजनीतिराज्यलोकल न्यूज़

बरेली को नाथ कॉरिडोर के माध्यम से विशेष पहचान मिल रही, यह भगवान पार्श्वनाथ की पावन धरा भी : मुख्यमंत्री

जब अच्छी सरकार आती तो विकास और समृद्धि साथ लेकर आती

मुख्यमंत्री ने जनपद बरेली में लगभग 2,264 करोड़ रु0
की 545 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

बरेली को नाथ कॉरिडोर के माध्यम से विशेष पहचान
मिल रही, यह भगवान पार्श्वनाथ की पावन धरा भी : मुख्यमंत्री

नाथ कॉरिडोर में लाखों की संख्या में श्रद्धालुजन ने जलाभिषेक के
कार्यक्रम के साथ जुड़कर अपनी श्रद्धा को महादेव के चरणों में समर्पित किया

नाथ कॉरिडोर के अन्तर्गत विभिन्न मंदिरों के पर्यटन विकास से जुड़ी विकास
योजनाओं की स्वीकृति से बरेली में आध्यात्मिक पर्यटन को एक नई गति मिलेगी

डबल इंजन सरकार तुष्टिकरण नहीं, बल्कि विकास के माध्यम से जनता-जनार्दन
की संतुष्टि का माध्यम बन रही, विरासत को विकास कार्यों से जोड़ रही

जब अच्छी सरकार आती तो विकास और समृद्धि साथ लेकर आती

रोजगार मेले में विभिन्न कम्पनियों द्वारा चयनित
06 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित

प्रदेश ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’ और ‘वन
डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ के माध्यम से अपनी नई पहचान बना रहा

नये उ0प्र0 में सुरक्षा के साथ-साथ समृद्धि भी, जनकल्याणकारी योजनाओं का
लाभ प्रत्येक गांव के किसानों, गरीबों, नौजवानों तथा नागरिकों को प्राप्त हो रहा

प्रदेश सरकार मेट्रो, हाइवे, एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट जैसे इन्फ्रास्ट्रक्चर
डेवलपमेण्ट के नये मॉडल प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा रही

आगामी 08, 09 व 10 अगस्त को उ0प्र0 परिवहन निगम और नगर विकास
की बसों में बहनों के लिए, एक सहयात्री के साथ, निःशुल्क यात्रा की सुविधा

मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को
प्रतीकात्मक चेक व चाभी, प्रमाण पत्र, प्रशस्ति-पत्र, टैबलेट आदि प्रदान किये

लखनऊ : 06 अगस्त, 2025

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि बरेली को नाथ कॉरिडोर के माध्यम से विशेष पहचान मिल रही है। यह भगवान पार्श्वनाथ की पावन धरा भी है। यहां के इन्फ्रास्ट्रक्चर में आमूलचूल परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं। बरेली में प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि हुई है। उन्होंने भारी बरसात के बावजूद उत्साह और उमंग के साथ कांवड़ यात्रा सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जनपदवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उत्साह और उमंग विरासत और विकास के अभियान को नई गति देगा। यही गति बरेली की प्रगति का आधार बनेगी।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद बरेली में लगभग 2,264 करोड़ रुपये की 545 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के पश्चात इस अवसर पर आयोजित जनसभा में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इसमें लगभग 1,259 करोड़ रुपये की 222 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा लगभग 1,005 करोड़ रुपये की 323 परियोजनाओं का शिलान्यास सम्मिलित है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक व चाभी, प्रमाण पत्र, प्रशस्ति-पत्र, टैबलेट, गैस चूल्हा आदि प्रदान किये। इस अवसर पर आयोजित रोजगार मेले में विभिन्न कम्पनियों द्वारा चयनित 06 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किये गये। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन तथा बच्चों का अन्नप्राशन एवं महिलाओं की गोदभराई की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अन्तर्गत पौधरोपण किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मुझे सावन माह में नाथ नगरी में आकर महादेव के चरणों में नमन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। जब अच्छी सरकार आती है तो विकास और समृद्धि साथ लेकर आती है। वर्ष 2017 से पूर्व बरेली दंगाग्रस्त जनपद बन गया था, लेकिन वर्ष 2017 के बाद जनपद बरेली की पहचान नाथ कॉरिडोर से बन गयी है। डबल इंजन सरकार नाथ नगरी बरेली में भगवान शिव के प्राचीन मन्दिर बाबा अलखनाथ, त्रिवटीनाथ, बाबा बनखण्डीनाथ, बाबा धोपेश्वरनाथ, श्री तपेश्वरनाथ, श्री मणिनाथ और श्री पशुपतिनाथ मन्दिर कॉरिडोर को विकसित कर रही है, अब यह बरेली की पहचान बन गयी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पिछली सरकारें लोगों को आपस में बांटने का कार्य करती थीं। वोट बैंक के लिए राजनीतिक तुष्टिकरण का कार्य करती थीं। सुरक्षा में सेंध लगाने वालों का सम्मान करती थीं, लेकिन डबल इंजन सरकार तुष्टिकरण नहीं, बल्कि विकास के माध्यम से जनता-जनार्दन की संतुष्टि का माध्यम बन रही है। विरासत को विकास कार्यों से जोड़ रही है। आपके जीवन में खुशहाली और समृद्धि लाने के लिए हर सम्भव प्रयास कर रही है। दंगामुक्त व भयमुक्त वातावरण देकर विरासत और विकास के साथ आपको जोड़कर आपके वर्तमान के साथ-साथ भावी पीढ़ी के भविष्य को उज्ज्वल, सुखद तथा उन्हें समृद्धि के मार्ग पर अग्रसर करने के लिए निरन्तर कार्य कर रही है। आज उसके परिणाम भी हम सबको देखने को मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले बरेली उपेक्षित थी। आज बरेली के जनप्रतिनिधियों, विकास प्राधिकरण व नगर निगम द्वारा विभिन्न प्रकार की परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। उसके परिणाम न्यू बरेली के रूप में हम सभी को देखने को मिल रहे हैं। अब कोई हमारी बरेली को दंगाग्रस्त बरेली नहीं कह सकता है। इसका परिणाम सावन मास में कांवड़ यात्रा के दौरान हम लोगों ने देखा है। कांवड़ यात्रा को बदनाम करने के कुत्सित प्रयास किए गए। जो आयोजन समग्र समाज की एकता का माध्यम बनते हैं, समाज विरोधी तत्व उसके बारे में दुष्प्रचार करते हैं। उन्हें बदनाम करने के लिए साजिश रचते हैं। समाज की जागरूकता और पुलिस की तत्परता के कारण ऐसे तत्व बेनकाब होते हैं। कांवड़ यात्रा सकुशल सम्पन्न होती है। बरेली में भी कांवड़ यात्रा सकुशल सम्पन्न हो रही है। यहां पर नाथ कॉरिडोर में लाखों की संख्या में श्रद्धालुजन ने जलाभिषेक के कार्यक्रम के साथ जुड़कर अपनी श्रद्धा को महादेव के चरणों में समर्पित किया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज का दिन हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। आज बरेली मण्डल के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ बरेली के विकास के सम्बन्ध में चर्चा हुई। बरेली के विकास के सम्बन्ध में प्राथमिकताएं तय की गयीं। यह सभी विकास कार्य जब लागू किए जाएंगे, तब जनपद बरेली, बदायूं, पीलीभीत व शाहजहांपुर के विकास को एक नई उड़ान मिलेगी। अच्छे जनप्रतिनिधि विरासत और विकास की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हैं। आमजन की संतुष्टि ही जनप्रतिनिधियों का आधार बनती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ का मंत्र दिया है। यह संतुष्टिकरण का मंत्र है, जिसमें विकास सबका, लेकिन तुष्टिकरण किसी का नहीं। प्रदेश सरकार जाति, मत-मजहब, क्षेत्र व भाषा का भेदभाव किए बिना प्रत्येक नागरिक को विकास योजनाओं का लाभ दे रही है। आज पिक एण्ड चूज़ के आधार पर योजनाएं नहीं बनती हैं। यह नया भारत है, नये भारत में योजनाओं में भेदभाव नहीं होता। नया भारत उत्तर से दक्षिण, पूरब से पश्चिम तक पूरे भारत को जोड़ने में विश्वास रखता है। समाज के समग्र विकास की अवधारणा को आगे बढ़ाता है। दलितों, वंचितों, पिछड़ों व समाज में छूटे लोगों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यहां पर रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेलों में नियुक्ति पत्र वितरित किए जा रहे हैं। युवाओं के विकास, समृद्धि एवं संकल्पना के विजन को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान प्रारम्भ किया गया है। इस योजना के तहत युवाओं को प्रशिक्षण, बैंक से 05 लाख रुपये का गारण्टी एवं ब्याज मुक्त ऋण प्रदान किया जाता है। प्रदेश सरकार युवाओं को व्यवसाय प्रारम्भ करने के लिए 10 प्रतिशत मार्जिन मनी भी उपलब्ध करा रही है। इस अभियान के तहत अब तक 70 हजार से अधिक युवाओं को युवा उद्यमी के रूप में आगे बढ़ाने का कार्य किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट था। आज प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट नहीं है। वर्ष 2017 से पूर्व सरकारी नौकरियों में बंदरबांट होता था। वर्तमान प्रदेश सरकार ने विगत 08 वर्षों में साढ़े 08 लाख सरकारी नौकरियां दी हैं। हाल ही में 60 हजार से अधिक पुलिस आरक्षियों की भर्ती सम्पन्न हुई है, जिसमें 12 हजार से अधिक बेटियां हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों का आह्वान किया कि पुलिस भर्ती में चयनित आरक्षियों के अभिभावकों का सम्मान करें। इससे उन्हें गर्व की अनुभूति होगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व प्रत्येक जनपद में माफिया थानों, तहसीलों तथा जिले के संसाधनों व गरीबों की जमीनों पर कब्जा करते थे। दंगाई खुले आम गुण्डागर्दी, आगजनी, बहन-बेटियों तथा व्यापारियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करते थे। वर्ष 2017 के बाद प्रदेश सरकार के नेतृत्व में यही पुलिस उन सभी दंगाइयों और माफियाओं के लिए काल बनकर टूट पड़ी। अब प्रदेश ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ के लिए नहीं, बल्कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ के माध्यम से अपनी नई पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि नये उत्तर प्रदेश में सुरक्षा के साथ-साथ समृद्धि भी है। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक गांव के किसानों, गरीबों, नौजवानों तथा नागरिकों को प्राप्त हो रहा है। प्रदेश सरकार मेट्रो, हाइवे, एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट जैसे इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेण्ट के नये-नये मॉडल बनाकर प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी के लिए बाईपास, ओवरब्रिज तथा फ्लाईओवर बनाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आध्यात्मिक विरासत की बहुलता का प्रतिनिधित्व करता है। उत्तर प्रदेश भगवान श्रीराम एवं भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि है। भगवान बुद्ध सहित अनेक जैन तीर्थंकरों से भी जुड़ी हुई है। उन्होंने रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि बहनों के लिए रक्षाबंधन के अवसर पर एक विशेष प्राविधान किया गया है। आगामी 08, 09 व 10 अगस्त को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम और नगर विकास की परिवहन व्यवस्था से जुड़ी बसों में बहनों के लिए, एक सहयात्री के साथ, निःशुल्क यात्रा की सुविधा रहेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज बाढ़ सुरक्षा तथा राम गंगा से जुड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण किया जा रहा है। एन0एच0-24 से शंखा पुल के मार्ग का चौड़ीकरण, राजकीय यूनानी मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण तथा पुराने भवनों की मरम्मत और निर्माण कार्यों को भी आज के लोकार्पण, शिलान्यास कार्यक्रम से जोड़ा गया है। नाथ कॉरिडोर के अन्तर्गत अलखनाथ मंदिर, तुलसीमठ मंदिर, धोपेश्वरनाथ मंदिर, त्रिवटीनाथ मंदिर, बनखण्डीनाथ मंदिर, तपेश्वरनाथ मंदिर तथा पशुपतिनाथ मंदिर के पर्यटन विकास से जुड़ी विकास योजनाओं को अलग से स्वीकृत किया गया है, ताकि बरेली में आध्यात्मिक पर्यटन को एक नई गति मिल सके। साथ ही, श्री अहिच्छत्र पार्श्वनाथ अतिशय तीर्थक्षेत्र दिगम्बर जैन मंदिर, ऊर्जा विभाग, नगर निगम की अन्य परियोजनाओं को भी स्वीकृति दी गयी है।
इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना, पशुधन और दुग्ध विकास मंत्री श्री धर्मपाल सिंह, सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री जे0पी0एस0 राठौर, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ0 अरुण कुमार सक्सेना, गन्ना विकास एवं चीनी मिलें राज्य मंत्री श्री संजय सिंह गंगवार सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
——–

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!