मुख्यमंत्री ने फिक्की फ्लो लखनऊ चैप्टर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय इण्टरस्टेट मीट को सम्बोधित किया
उ0प्र0 सरकार का मिशन शक्ति अभियान महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व उनके स्वावलम्बन के लिए प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री ने फिक्की फ्लो लखनऊ चैप्टर द्वारा
आयोजित तीन दिवसीय इण्टरस्टेट मीट को सम्बोधित किया
आधी आबादी आगे बढ़ेगी, तो समाज आगे बढ़ेगा, आधी आबादी
आत्मनिर्भर होगी, तो देश और प्रदेश आत्मनिर्भर होगा : मुख्यमंत्री
आधी आबादी विकसित भारत के लक्ष्य को प्रात करने के लिए
संकल्पित होगी, तो भारत को विकसित होने से कोई रोक नहीं सकता
उ0प्र0 सरकार का मिशन शक्ति अभियान महिलाओं
की सुरक्षा, सम्मान व उनके स्वावलम्बन के लिए प्रतिबद्ध
महिलाओं व बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों पर
जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत त्वरित कार्यवाही की जा रही
फिक्की फ्लो संगठन फ्लैटेड फैक्ट्री मॉडल व प्लेज पार्क योजना
से जुड़कर महिला उद्यमियों को आगे बढ़ा सकता
प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में भारत
बहुत शीघ्र दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा
वर्तमान में उ0प्र0 में विमेन वर्कफोर्स 35 से 36 प्रतिशत
वर्ष 2017 में उ0प्र0 पुलिस बल में महिला कार्मिकों
की संख्या मात्र 10 हजार थी, जो आज बढ़कर 44 हजार
बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गनाईजेशन की तर्ज पर जनपद आगरा, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर में नये मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गनाईजेशन स्थापित किये जा रहे, महिलाएं
इन संस्थाओं से जुड़कर आर्थिक स्वावलम्बन के मार्ग पर अग्रसर
बी0सी0 सखी अपने गांव में ही सफलतापूर्वक बैंकिंग कार्य करके 25 हजार रु0
से लेकर सवा लाख रु0 तक अपना भुगतान कमीशन प्राप्त कर रहीं
लखनऊ : 21 नवम्बर, 2025
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि आधी आबादी आगे बढ़ेगी, तो समाज आगे बढ़ेगा। आधी आबादी आत्मनिर्भर होगी, तो देश और प्रदेश आत्मनिर्भर होगा। आधी आबादी विकसित भारत के लक्ष्य को प्रात करने के लिए संकल्पित होगी, तो भारत को विकसित होने से कोई रोक नहीं सकता। यही है, उत्तर प्रदेश सरकार का मिशन शक्ति अभियान, जो महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व उनके स्वावलम्बन के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री जी आज यहां फिक्की फ्लो लखनऊ चैप्टर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय इण्टरस्टेट मीट में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि समाज आत्मनिर्भर तभी होता है, जब फिक्की लेडीज ऑर्गनाइजेशन जैसे संगठन लीड करते हैं और सरकार उन्हें सपोर्ट करती है, तब विकास और आगे बढ़ता है। आधी आबादी को स्वावलम्बन के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए फिक्की फ्लो संगठन वर्ष 1983 से कार्य कर रहा है। फिक्की फ्लो संगठन के कार्यां में सरकार भी मददगार हो सकती है। विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी को बेहतर प्रदर्शन के साथ सुनिश्चित करने में फिक्की फ्लो कार्य करे। फिक्की फ्लो संगठन इण्डस्ट्री में ट्रेनिंग के साथ-साथ महिलाओं को स्किलफुल बनाने में एक बड़ी भूमिका का निर्वहन कर सकता है। हर छोटा-बड़ा कार्य अपने आप में एक उद्यम है, जिसमें व्यक्ति अपनी बुद्धि, विवेक व श्रम का बेहतर उपयोग कर रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में लोगों ने विगत 11 वर्षां में बदलते हुए भारत को देखा है। अलग-अलग क्षेत्र में देश ने प्रगति की है। भारत की यह अभूतपूर्व प्रगति आज दुनिया को आकर्षित कर रही है। भारत ने तेजी के साथ आज दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में अपने आपको स्थापित करते हुए दुनिया की सबसे तेज गति से उभरती हुई अर्थव्यवस्था के रूप में अपना स्थान बनाया है। यह आज का हमारा नया भारत है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में हम बहुत शीघ्र दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेंगे। केन्द्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारामन जी के ही नेतृत्व में भारत इस अर्थव्यवस्था को एक नई गति दे रहा है। स्वाभाविक रूप से आधी आबादी को नजरअंदाज करके समाज स्वावलम्बी और आत्मनिर्भर नहीं हो सकता।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व उत्तर प्रदेश में असुरक्षा का वातावरण था। कानून-व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं थी। प्रदेश में दंगे होते थे। व्यापारी, उद्यमी, बेटी, बाजार, पूंजी व निवेश सुरक्षित नहीं था। प्रदेश सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्य करके उत्तर प्रदेश को कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में देश के एक मॉडल स्टेट के रूप में स्थापित किया है। आज राज्य में पर्व एवं त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित होते हैं। सुरक्षा का यह अहसास सरकार के द्वारा ईमानदारी से किये गये प्रयासों का परिणाम है।
विगत 08 वर्षां में उत्तर प्रदेश में 45 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश को लाने में सफलता प्राप्त हुई है, जिसमें अब तक 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश को धरातल पर उतारा जा चुका है। प्रदेश सरकार शीघ्र ही 05 लाख करोड़ रुपये के नये निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की कार्यवाही को आगे बढ़ा रही है। इस निवेश से रोजगार में वृद्धि हुई है। उत्तर प्रदेश में पहले विमेन वर्कफोर्स 12 से 13 प्रतिशत था, जो आज बढ़कर 35 से 36 प्रतिशत हो गया है। हर छोटा-बड़ा कार्य अपने आप में एक उद्यम है, जिसमें व्यक्ति अपनी बुद्धि, विवेक व श्रम का बेहतर उपयोग कर रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश पुलिस बल में महिला कार्मिकों की संख्या मात्र 10 हजार थी, जो आज बढ़कर 44 हजार हो चुकी है। हमनें उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती में 20 प्रतिशत महिलाओं की भर्ती को अनिवार्य किया है। बहुत से क्षेत्रों में महिलाएं बेहतरीन कार्य कर रही हैं। स्कूली शिक्षा, आंगनवाड़ी केन्द्र इसके सफल उदाहरण हैं। आज बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में 01 करोड़ 60 लाख से अधिक बच्चे अध्ययन कर रहे हैं, जिनमें बालिकाओं की संख्या अधिक है। ऑपरेशन कायाकल्प, निपुण भारत, स्कूल चलो अभियान जैसे विभिन्न कार्यक्रमों द्वारा शिक्षा व्यवस्था व शिक्षा क्षेत्र के इन्फ्रास्ट्रक्चर को सरकार द्वारा मजबूत करने का कार्य किया है। फिक्की फ्लो स्कूली बच्चों के ड्रॉप आउट रेट को न्यूनतम स्तर पर लाने की दिशा में अपना योगदान कर सकता है।
मुख्यमंत्री जी ने महिला सामर्थ्य का उल्लेख करते हुए कहा कि कोरोना कालखण्ड में जब पूरी दुनिया परेशान थी, तब हमारी महिलाओं प्रमुख रूप से -आंगनवाड़ी, आशा वर्कर, ए0एन0एम0 ने प्रदेश की 25 करोड़ आबादी को कोरोना महामारी से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया। कोरोना कालखण्ड में ही गांव में बैंकिंग सुविधाओं को सम्पादित करने के लिए प्रदेश सरकार ने बी0सी0 सखी नामक योजना शुरू की। यह बी0सी0 सखी अपने गांव में ही सफलतापूर्वक बैंकिंग कार्य करके 25 हजार से लेकर सवा लाख रुपये तक अपना भुगतान कमीशन प्राप्त कर रही हैं। बुन्देलखण्ड क्षेत्र में कार्यरत बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गनाईजेशन महिला सशक्तीकरण का सफलतम उदाहरण है। आज 62 हजार से अधिक महिलाएं बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गनाईजेशन से जुड़ी हुई हैं। बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गनाईजेशन की तर्ज पर आगरा, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर में नये मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गनाईजेशन स्थापित किये जा रहे हैं। महिलाएं इन संस्थाओं से जुड़कर आर्थिक स्वावलम्बन के मार्ग पर अग्रसर हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आधी आबादी के सामने उनके कार्यां को मान्यता देने की सबसे बड़ी चुनौती है। फिक्की फ्लो जैसे संगठन सामने आएंगे, तो हर कोई महिलाओं के कार्यां को मान्यता देगा। महिलाओं को रेडीमेड गारमेण्ट्स के क्षेत्र में फ्लैटेड फैक्ट्री मॉडल के माध्यम से आगे बढ़ाने में फिक्की फ्लो कार्य कर सकता है। प्रदेश में प्लेज पार्क योजना संचालित की जा रही है, जिसमें प्राइवेट पार्टी को 10 एकड़ से 50 एकड़ क्षेत्रफल में अपना उद्यम स्थापित करने के लिए सरकार प्रति एकड़ की दर से सब्सिडी उपलब्ध करा रही है। प्रदेश में अब तक 12 प्लेज पार्क स्थापित हुए हैं, जो सरकार के सब्सिडी का लाभ प्राप्त कर चुके है। फिक्की फ्लो भी इस दिशा में कार्य कर सकता है और महिला उद्यमियों को आगे बढ़ा सकता है।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के माध्यम से उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को अपना उद्यम स्थापित करने के लिए गारण्टी मुक्त व ब्याज मुक्त लोन उपलब्ध करा रही है। इस योजना के अन्तर्गत पहले चरण में 05 लाख रुपये, दूसरे चरण में साढे़ सात लाख रुपये और तीसरे चरण में 10 लाख रुपये तक लोन उपलब्ध कराया जाएगा। अब तक लगभग 01 लाख युवा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना का लाभ प्राप्त कर चुके हैं। इस वित्तीय वर्ष में 01 लाख 70 हजार नये युवाओं को इस योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य है। फिक्की फ्लो संगठन, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान से जुड़कर कार्य कर सकता है।
राज्य सरकार ने श्रम कानूनों में भी व्यापक रिफॉर्म किये हैं। पहले महिला केवल एक शिफ्ट में कार्य कर सकती थी अर्थात वह रात्रि में कार्य नहीं कर सकती थी। हमनें व्यवस्था सुनिश्चित की है कि जितनी सशक्त भागीदारी पुरुषों की है, उससे अधिक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी महिलाओं की है। आज महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में समाज को लीड कर रही हैं। कुछ क्षेत्रों में तो महिलाएं ही प्रदर्शन कर सकती हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि फिक्की फ्लो केन्द्र व राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के साथ जुड़कर महिलाओं के सशक्तीकरण को और बढ़ाने में अपना सक्रिय योगदान कर सकता है। प्रदेश सरकार ने युवाओं को न्यू एज कोर्सेज की ट्रेनिंग देने के लिए हर जनपद में हब एण्ड स्कोप मॉडल पर वोकेशनल सेण्टर और स्किल डेवलेपमेण्ट सेण्टर स्थापित किए हैं। फिक्की फ्लो स्किल डेवलेपमेण्ट के क्षेत्र में सरकार के साथ कोई एम0ओ0यू0 करता है, तो हमें प्रसन्नता होगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में महिला सुरक्षा के लिए 44 हजार से अधिक महिला पुलिस कार्मिक कार्यरत हैं। 10 हजार से अधिक महिला पुलिस कार्मिक, महिला बीट पुलिस अधिकारी के रूप में अलग-अलग स्थानों पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं। वह महिलाओं व बालिकाओं से घर के अन्दर व बाहर की सुरक्षा के सम्बन्ध में संवाद करती हैं और केन्द्र व राज्य सरकार की महिला स्वावलम्बन व सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं के बारे में उन्हें जानकारी भी उपलब्ध कराती हैं।
महिलाओं व बेटियों को सुरक्षा हर हाल में मिलनी चाहिए। महिलाओं व बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत त्वरित कार्यवाही की जा रही है। हर महिला को सम्मान मिलना चाहिए। महिलाओं को कामकाजी बनना होगा। कृषि, उद्यमिता, सेवा क्षेत्र जैसे विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के कार्य करने के सुगम अवसर उपलब्ध हैं। नये-नये एफ0पी0ओ0 व स्टार्टअप स्थापित हो रहे हैं। आज प्रदेश में 16 हजार से अधिक स्टार्टअप हैं, जिन्हें अधिकांश महिलाएं संचालित कर रही हैं। फिक्की फ्लो संगठन इन महिलाओं को अपने साथ जोड़े। 20 चैप्टर में 16,000 से अधिक प्रोफेशनल्स फिक्की फ्लो के साथ जुड़े हैं। लेकिन 140 करोड़ की आबादी के भारत में यह संख्या कम है। फिक्की फ्लो को प्रथम चरण में यह संख्या बढ़ाकर 16 लाख तक करनी होगी।
इस अवसर पर फिक्की फ्लो की नेशनल प्रेसिडेण्ट श्रीमती पूनम शर्मा, नेशनल सीनियर वाइस प्रेसिडेण्ट श्रीमती पूजा गर्ग, चेयरपर्सन फिक्की फ्लो लखनऊ श्रीमती वंदिता अग्रवाल, चेयरपर्सन फिक्की फ्लो कानपुर श्रीमती कीर्ति श्रॉफ, संगठन की अन्य पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थीं।
———–




