E-Paperhttps://primexnews.com/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gif
Trending

चला बुलडोजर, प्रशासनिक अधिकारियों संग भारी पुलिस बल रहा तैनात

अम्बेडकरनगर, 29 मार्च। जलालपुर तहसील के ग्राम अरई स्थित गाटा संख्या 888 की ग्रामसभा भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बेदखली सुनिश्चित की। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश के अनुपालन में की गई, जिसमें राममिलन के विरुद्ध उ.प्र. राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत पारित आदेश लागू किया गया। राजस्व और पुलिस टीम की मौजूदगी में मौके पर अतिक्रमण हटाया गया। अधिकारियों के अनुसार, संबंधित पक्ष द्वारा उपजिलाधिकारी से लेकर उच्च न्यायालय तक की गई सभी याचिकाएं पहले ही खारिज हो चुकी थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। प्रशासन ने कब्जा हटाकर भूमि को पूरी तरह अतिक्रमणमुक्त घोषित कर दिया है और क्षतिपूर्ति वसूली की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अब इस भूमि पर चिल्ड्रन पार्क बनाने का प्रस्ताव है, जिससे स्थानीय लोगों को एक बेहतर सार्वजनिक सुविधा मिल सकेगी। गौरतलब है कि इसी स्थान पर बीते वर्ष मार्च में अतिक्रमण हटाने के दौरान बुलडोजर कार्रवाई के बीच एक बच्ची अनन्या का जलते घर से किताबें बचाकर भागते हुए वीडियो वायरल हुआ था। इस घटना ने पूरे मामले को सुर्खियों में ला दिया था और लंबे समय तक यह मुद्दा सियासी चर्चाओं का केंद्र बना रहा। इतना ही नहीं, माननीय उच्चतम न्यायालय ने भी इस प्रकरण का संज्ञान लिया था। प्रशासन ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि वे सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा न करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ग्राम सभा की नवीन परती भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने हेतु तहसीलदार निखिलेश कुमार, तहसीलदार टांडा गरिमा भार्गव, नायब तहसीलदार अमरनाथ दुबे, खंड विकास अधिकारी दिनेश राम, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अरविन्द कुमार, कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव, समेत थानाध्यक्ष जहांगीरगंज - संतोष कुमार सिंह, मालीपुर - स्वतंत्र मौर्य , जैतपुर -थिरेन्द्र आज़ाद तथा महिला थानाध्यक्ष ज्योति वर्मा उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!