
मुख्यमंत्री ने जनपद सहारनपुर में 381 करोड़ रु0
की 15 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया
बाबा जाहरवीर गोगाम्हाड़ी तीर्थस्थल पर
निर्मित स्वच्छ कुण्ड का लोकार्पण कर दर्शन-पूजन किया
विगत 11 वर्षां से हमें नये भारत का दर्शन हो रहा,
देश की विरासत को विकास के साथ जोड़ा जा रहा : मुख्यमंत्री
जो कार्य लोगों को असम्भव लगते थे, प्रदेश सरकार ने उन्हें सम्भव करके दिखाया
डबल इंजन सरकार बुलेट ट्रेन की भांति प्रदेश के विकास कार्यां को तेजी
के साथ आगे बढ़ा रही, जनपद सहारनपुर भी विकास की प्रक्रिया से जुड़ रहा
स्मार्ट सिटी मिशन के अन्तर्गत प्रधानमंत्री जी के विजन
को जमीनी धरातल पर उतारने के लिए अनेक कार्य किये जा रहे
डबल इंजन सरकार द्वारा सहारनपुर में चलायी जा रही
विकास परियोजनाएं जनपद को नई पहचान प्रदान कर रही
माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय का भवन बन
चुका, हैण्डओवर की कार्यवाही अन्तिम चरण में
सहारनपुर में देवबन्द स्थित माता त्रिपुरेश्वरी बाला सुन्दरी सिद्धपीठ,
गंगोह रोड पर बाबा गुग्धावीर आदि धार्मिक स्थल सरकार की
विकास को विरासत से जोड़ने की प्रतिबद्धता दर्शाते
माता शाकुम्भरी कॉरिडोर का निर्माण कार्य तीव्र गति
से चल रहा, स्पोर्ट्स कॉलेज का भी निर्माण किया जा रहा
स्थानीय उत्पाद विकसित भारत की आधारशिला बनेंगे, प्रदेश का
प्रत्येक जनपद यूनीक प्रोडक्ट के साथ अपनी पहचान को आगे बढ़ा रहे
यदि हम विदेशी वस्तुओं के पीछे भागने की बजाय स्वदेशी वस्तुओं के साथ
जुड़ेंगे तो स्वदेशी का लाभ हमारे कारीगरों तथा हस्तशिल्पियों को प्राप्त होगा
रक्षाबन्धन पर्व पर 08, 09 और 10 अगस्त को उ0प्र0 परिवहन निगम तथा नगर विकास की सभी बसों में बहनों को निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी
लखनऊ : 04 अगस्त, 2025
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि विगत 11 वर्षां से हमें नये भारत का दर्शन हो रहा है। देश की विरासत को विकास के साथ जोड़ा जा रहा है। नये भारत में प्रत्येक भारतवासी अपनी भारतीयता पर गौरव की अनुभूति करता है। देश के प्रतीकों का सम्मान करता है। ऋषि-मुनियों और अपने पूर्वजों की गौरवशाली परम्परा के संरक्षण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता है। जो कार्य लोगों को असम्भव लगते थे, प्रदेश सरकार ने उन्हें सम्भव करके दिखाया है। डबल इंजन सरकार बुलेट ट्रेन की भांति प्रदेश के विकास कार्यां को तेजी के साथ आगे बढ़ा रही है। इसी क्रम में जनपद सहारनपुर भी विकास की प्रक्रिया से जुड़ रहा है।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद सहारनपुर में 381 करोड़ रुपये की 15 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, आवास व ट्रैक्टर की प्रतीकात्मक चाभी, प्रतीकात्मक चेक आदि प्रदान किये। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार द्वारा सहारनपुर में चलायी जा रही विकास परियोजनाएं जनपद को नई पहचान प्रदान कर रही हैं। यहां की विरासत का सम्मान किया जा रहा है। यहां माँ शाकुम्भरी का पावन धाम स्थित है। यहां के युवाओं की डिग्री में माता शाकुम्भरी का नाम जुड़ेगा, क्योंकि यहां माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय का भवन बन चुका है तथा उसके हैण्डओवर की कार्यवाही अन्तिम चरण में है। सहारनपुर जनपद प्रदेश के कोने में स्थित होने के कारण पिछली सरकारों में उपेक्षित था तथा यहां विकास का अभाव था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सहारनपुर में देवबन्द स्थित माता त्रिपुरेश्वरी बाला सुन्दरी सिद्धपीठ, गंगोह रोड पर बाबा गुग्धावीर आदि धार्मिक स्थल सरकार की विकास को विरासत से जोड़ने की प्रतिबद्धता दर्शाते हैं। यह प्रतिबद्धता विरासत का संरक्षण करती है और आम नागरिक को विकास के साथ जोड़ती है। माता शाकुम्भरी कॉरिडोर के निर्माण का कार्य तीव्र गति से चल रहा है। यहां ऐसे एलीवेटेड मार्ग का निर्माण किया जाएगा, जिसके माध्यम से प्रत्येक मौसम में देश भर के श्रद्धालु माँ शाकुम्भरी का दर्शन कर सकेंगे। सरकार द्वारा विरासत को संरक्षित करने के क्रम में, काशी में विश्वनाथ धाम, महाकुम्भ का दिव्य व भव्य आयोजन, शुक तीर्थ का पुनरूद्धार, हस्तिनापुर में महाभारतकालीन अवशेषों का संरक्षण तथा सहारनपुर में माता शाकुम्भरी के कॉरिडोर के निर्माण आदि कार्य किये गये हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन के अन्तर्गत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विजन को जमीनी धरातल पर उतारने के लिए अनेक कार्य किये जा रहे हैं। अब तक स्मार्ट सिटी मिशन के अन्तर्गत 17 नगर निगमों को सम्मिलित किया गया था। इस बार के बजट में व्यवस्था की गयी है कि प्रत्येक जिला मुख्यालय से जुड़े नगर निकायों को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। स्मार्ट सिटी मिशन के अन्तर्गत पिछली बार स्मार्ट रोड और आज बाबा जाहरवीर गोगाम्हाड़ी तीर्थ स्थल के सुन्दरीकरण का कार्य यहां पर हम सभी ने देखा है। जाहरवीर गोगा के बारे में कहा जाता है कि उन्होंने लगभग 900 वर्ष पूर्व पराक्रमी योद्धा के रूप में कार्य करते हुए विदेशी आक्रान्ताओं से देश की धरती की रक्षा की थी। इसके बाद उन्होंने भगवान गोरक्षनाथ के संरक्षण में गोगाम्हाड़ी में सजीव समाधि ली थी। भादों मास में लाखों श्रद्धालु उनके समाधि स्थल पर जाकर दर्शन-पूजन करते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सहारनपुर में स्पोर्ट्स कॉलेज का भी निर्माण किया जा रहा है। पहले प्रदेश में केवल तीन स्पोर्ट्स कॉलेज थे। खेल-कूद की गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार ने तय किया है कि प्रत्येक मण्डल स्तर पर कम से कम एक स्पोर्ट्स कॉलेज होना चाहिए। युवाओं की उर्जा और प्रतिभा का लाभ देश व आने वाली पीढ़ियों को प्रदान करने के लिए मेरठ में 90 एकड़ क्षेत्रफल में प्रदेश की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनायी जा रही है। सरसांवा एयरपोर्ट में सिविल टर्मिनल बन चुका है। उसमें वायु सेवा प्रारम्भ होनी है। अब सहारनपुर की कनेक्टिविटी बेहतरीन हो चुकी है। यहां से दिल्ली तीन-साढ़े तीन घण्टे में पहुंचा जा सकता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सहारनपुर में विकास के अनेक कार्य भी किये जा रहे हैं। जहां आवश्यक था, वहां बाईपास का निर्माण किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग, नगर विकास, पर्यटन आदि विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर चर्चा की गयी कि विकास में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर तथा शामली जनपद पिछड़ने न पाए। इस दृष्टि से आवश्यक प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए। पहले विकास के लिए लखनऊ जाना पड़ता था, अब सरकार स्वयं आपके पास विकास योजनाओं को लेकर आ रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ‘एक जनपद एक उत्पाद‘ योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना तथा पी0एम0 विश्वकर्मा जैसी योजनाओं द्वारा हस्तशिल्पियों व कारीगरों को सम्मानित करने का कार्य किया जा रहा है। यदि पिछली सरकारों ने ध्यान दिया होता तो सहारनपुर का वुड कार्विंग का कार्य पहले ही वैश्विक पटल पर छाया होता, जैसे इटली के फर्नीचर छाए हुए हैं। प्रदेश सरकार ने ‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना के माध्यम से वुड कार्विंग को प्लेटफॉर्म, डिजाइन, पैकेजिंग, मार्केटिंग व एक्सपोर्ट आदि सुविधाएं प्रदान कीं। परिणामस्वरूप वुड कार्विंग को अब नई पहचान मिल रही है। फर्नीचर खरीदने के लिए लोग सहारनपुर को प्राथमिकता देते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि स्थानीय उत्पाद विकसित भारत की आधारशिला बनेंगे। खुर्जा, अलीगढ़, मुरादाबाद, कन्नौज, आगरा तथा कानपुर के अलग-अलग उत्पाद लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। भदोही का कारपेट, वाराणसी की साड़ी, आजमगढ़ के मुबारकपुर का ब्लैक पॉटरी, गोरखपुर के टेराकोटा की तरह प्रत्येक जनपद यूनीक प्रोडक्ट के साथ अपनी पहचान को आगे बढ़ा रहे हैं। यह प्रधानमंत्री जी के ‘वोकल फॉर लोकल‘ विजन को प्रदर्शित करता है। आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त कर कोई देश स्वावलम्बी व सशक्त बन सकता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी कहते हैं कि हमें स्वदेशी अपनाकर उसे अपने जीवन का हिस्सा बनाना होगा। यदि हम विदेशी वस्तुओं के पीछे भागने की बजाय स्वदेशी वस्तुओं के साथ जुड़ेंगे तो स्वदेशी का लाभ हमारे कारीगरों तथा हस्तशिल्पियों को प्राप्त होगा। इससे विरासत को संरक्षण मिलने के साथ-साथ अर्थव्यवस्था भी मजबूत बनेगी। विकास की गति को आगे बढ़ाने का कार्य होगा। नये रोजगार का सृजन होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि रक्षाबन्धन पर्व के अवसर पर प्रदेश सरकार ने तय किया है कि 08, 09 और 10 अगस्त को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम तथा नगर विकास की सभी बसों में बहनों को निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि 09 अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन घटना का दिवस है, जो देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों के स्मरण हेतु आयोजित किया जाता है। 15 अगस्त को देश की आजादी का पावन पर्व मनाया जाएगा। आजादी के एक दिन पूर्व 14 अगस्त को विभाजन की त्रासदी का दिवस पड़ेगा। भारत सरकार ने तय किया है कि 13, 14 व 15 अगस्त को प्रत्येक भारतवासी अपने घर, प्रतिष्ठान, संस्था में देश की आन-बान-शान का प्रतीक तिरंगे का आरोहण अवश्य करेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 16 अगस्त को ‘परित्राणाय साधूनां विनाशाय च दुष्कृताम‘ को चरितार्थ करने वाले भगवान श्रीकृष्ण की पावन जन्माष्टमी है। इस दौरान हम पर्व व त्योहारों की लम्बी श्रृंखला के साथ जुड़ेंगे। इस त्योहारी सीजन में हमें स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना होगा। पहले पर्व व त्योहारों पर बाजारों में चीन की वस्तुएं छायी रहती थीं। इससे चीनी कम्पनियों को काफी मुनाफा होता था। दूसरे देश में जाने वाला धन भारत के विकास में सहायक नहीं हो पाता था। प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गयी ‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना का लाभ हमारे हस्तशिल्पियों व कारीगरों को प्राप्त हो रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अब पर्व व त्योहारों पर लोग स्थानीय वस्तुआेंं को खरीदकर उपहार के रूप में अपने सगे-सम्बन्धियों को प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि आज मंच पर जो मूर्ति उन्हें प्रदान की गयी, वह सहारनपुर की बनी लकड़ी की शानदार मूर्ति है। यह मूर्ति सहारनपुर की पहचान बनेगी। कारीगरों को रोजगार व मुनाफा प्राप्त होगा। इसी परिकल्पना को आगे बढ़ाते हुए हमें विकसित भारत में अपना योगदान देना होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ 24 जनवरी, 2025 से प्रारम्भ किया है। इस योजना के अन्तर्गत अब तक 70 हजार से अधिक युवाओं को युवा उद्यमी के रूप में आगे बढ़ाने का कार्य किया गया है। युवा उद्यमी वुड कार्विंग, अचार निर्माण, प्रोसेसिंग सेन्टर स्थापित करने सहित अन्य कार्य भी कर सकते हैं। प्रदेश में स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत शौचालय, हर घर नल जल योजना के तहत स्वच्छ पेयजल, आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत 05 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर, जरुरतमन्दों को राशन, वृद्धजन तथा निराश्रित महिलाओं को पेंशन आदि की सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के विकास तथा स्मार्ट सिटी सहारनपुर के नवनिर्माण पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी।
कार्यक्रम के पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने बाबा जाहरवीर गोगाम्हाड़ी तीर्थस्थल में 14.92 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित स्वच्छ कुण्ड का लोकार्पण किया। उन्होंने बाबा जाहरवीर गोगाम्हाड़ी तीर्थस्थल पर दर्शन-पूजन किया तथा महायोगी गोरखनाथ जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री जी ने तीर्थ स्थल पर रूद्राक्ष का पौधा भी रोपित किया।
इस अवसर पर विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अनिल कुमार, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री कपिल देव अग्रवाल, संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्यमंत्री श्री जसवन्त सिंह सैनी, सहारनपुर के महापौर डॉ0 अजय कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
——–