टॉप न्यूज़यूपी

भगवान श्रीराम की कथा हजारों वर्षां से सुनी और सुनाई जा रही, दुनिया में भारत के अतिरिक्त  अन्य कहीं भी इस प्रकार की अनूठी श्रद्धा देखने को नहीं मिलती : मुख्यमंत्री

कथा प्रसंगों को वर्तमान परिप्रेक्ष्य में रखते हुए वर्तमान पीढ़ी का मार्गदर्शन किया जा सकता

 

मुख्यमंत्री ने श्री गोरखनाथ मन्दिर, गोरखपुर में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर
सप्त दिवसीय श्रीराम कथा के समापन कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त किए
व्यासपीठ का दर्शन-पूजन कर संत श्री शान्तनु जी
महाराज द्वारा प्रवचित कथा का श्रवण किया
भगवान श्रीराम की कथा हजारों वर्षां से सुनी और सुनाई जा रही, दुनिया में भारत के अतिरिक्त 
अन्य कहीं भी इस प्रकार की अनूठी श्रद्धा देखने को नहीं मिलती : मुख्यमंत्री
कथा प्रसंगों को वर्तमान परिप्रेक्ष्य में रखते हुए
वर्तमान पीढ़ी का मार्गदर्शन किया जा सकता
गुरु पूर्णिमा पर्व गुरु के प्रति अपनी कृतज्ञता ज्ञापित करने का अवसर
अलग-अलग कालखण्डों में ऋषि-मुनियों ने चेतना के विस्तार
के माध्यम से ब्रह्माण्ड के रहस्यों को ऋचाओं द्वारा उद्घाटित किया
कुम्भ जैसे आयोजन चर्चा-परिचर्चा, ज्ञान की परम्परा को आगे बढ़ाने तथा
हजारों वर्षों की धरोहर को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम
डॉ0 लोहिया जी ने कहा कि जब तक भारत में श्रीराम, श्री कृष्ण और भगवान शंकर
की पूजा होती रहेगी, तब तक भारत का एक बाल भी बांका नहीं हो पायेगा
जो राम को भजते हैं, वह सफल होते हैं
प्रभु श्रीराम में आस्था हमारी सुसभ्यता, संस्कृति, उत्कृष्टता व उन्नति का प्रतीक
सनातन धर्म उपासना मात्र नहीं, बल्कि यह जीवन जीने की पद्धति
कल प्रदेश में एक साथ 37 करोड़ से अधिक पेड़ लगाकर वृक्षारोपण
महाअभियान में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया गया
इस महाभियान के अन्तर्गत नदी पुनरुद्धार का कार्य किया जा रहा
हमें अपनी नदी संस्कृति को संरक्षित करना होगा, छोटे-छोटे प्रयासों तथा
जनसहभागिता के माध्यम से नदियों का पुनरुद्धार किया जा सकता
राज्य सरकार के प्रयास से वन आच्छादन बढ़ा,
इसे और अधिक बढ़ाये जाने की आवश्यकता

लखनऊ : 10 जुलाई, 2025 :: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि भगवान श्रीराम की कथा हजारों वर्षां से सुनी और सुनाई जा रही है। दुनिया में भारत के अतिरिक्त अन्य कहीं भी इस प्रकार की अनूठी श्रद्धा देखने को नहीं मिलती है। कोई ऐसा सनातन धर्मावलम्बी नहीं होगा, जो भगवान श्रीराम के प्रसंगों के बारे में जानकारी न रखता हो। यह हमारे पारिवारिक संस्कार का हिस्सा है। कथा प्रसंगों को वर्तमान परिप्रेक्ष्य में रखते हुए वर्तमान पीढ़ी का मार्गदर्शन किया जा सकता है। ‘हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता‘ अर्थात् प्रभु श्रीराम की कथा इस ब्रह्माण्ड में सदैव गुन्जायमान रहती है, लेकिन जब यह कथा हमें व्यासपीठ पर विराजमान संत श्री शान्तनु जी महाराज जैसे कथा व्यास के श्रीमुख से सुनने को मिलती है, तो वह कथा और अधिक प्रभावशाली हो जाती है।
मुख्यमंत्री जी आज श्री गोरखनाथ मन्दिर, गोरखपुर में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सप्त दिवसीय श्रीराम कथा के समापन कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इसके पूर्व उन्होंने व्यासपीठ का दर्शन-पूजन कर संत श्री शान्तनु जी महाराज द्वारा प्रवचित कथा का श्रवण किया। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आप सभी ने आस्था को सम्मान देते हुए वर्तमान परिपेक्ष्य में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की कथा के वास्तविक मर्म को विगत सात दिनों में रोचक तरीके से सुना है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा पर्व गुरु के प्रति अपनी कृतज्ञता ज्ञापित करने का अवसर है। हम लोग भगवान वेदव्यास की जन्मतिथि के उपलक्ष्य में आषाढ़ पूर्णिमा की पावन तिथि को गुरु पूर्णिमा के रूप में मनाते हैं। दुनिया में भारत एक मात्र ऐसा देश है, जिसने दुनिया को कृतज्ञता ज्ञापित करना सिखाया है। हनुमान जी और मैनाक पर्वत के बीच हुआ संवाद इसका उदाहरण है। ‘कृते च प्रति कर्तव्यम् एष धर्मः सनातनः’ के अनुरूप दुनिया में भारतवासी दूसरों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने के लिए हमेशा सजग रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विश्व का सबसे प्राचीन ग्रन्थ ऋग्वेद है। दुनिया जब अन्धकार में जी रही थी, तब भारत में वेदों की ऋचाएं रची जा रहीं थीं। अलग-अलग कालखण्डों में ऋषि-मुनियों ने चेतना के विस्तार के माध्यम से ब्रह्माण्ड के रहस्यों को ऋचाओं द्वारा उद्घाटित किया है। वैदिक ऋचाओं द्वारा आने वाली पीढ़ियों को तत्वज्ञान प्रदान किया गया। पूर्व में प्रचलित श्रवण परम्परा को संहिताबद्ध कर वेदों के माध्यम से महर्षि वेदव्यास ने सनातन धर्मावलम्बियों व मानव जाति पर उपकार किया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि दुनिया अभी विज्ञान पर शोध कर रही है। यह शोध चेतन मन से किया जा रहा है। अभी अवचेतन और अचेतन मन की तरफ मनुष्य पहुंचा ही नहीं है। चेतना के विस्तार व ब्रह्माण्ड के रहस्यों को सुलझाने में वैदिक सूत्र मानव जाति का मार्गदर्शन करेंगे। इस धरोहर को एक साथ संजोने का काम अलग-अलग कालखण्डों में ऋषि-मुनियों ने किया।
नैमिषारण्य में आज से 3500 वर्ष पूर्व भारत की ज्ञान परम्परा, पुराणों की रचना, उसकी भाषाशैली तथा विषय को लेकर हजारों ऋषियों की पंचायत हुई थी। हमने नैमिषारण्य को विस्मृत कर दिया। कुम्भ जैसे आयोजन हमारे लिए धार्मिक आयोजन तो बन गये, लेकिन ज्ञान की इस परम्परा को विमर्श का माध्यम बनाने का कार्य नहीं किया गया। एक सामान्य नागरिक के लिए अपनी श्रद्धा के अनुरूप त्रिवेणी में डुबकी लगाना और आस्था के अनुरूप अन्य कार्यों के साथ जुड़ना उचित है। लेकिन यह स्थल हमारे लिए चर्चा-परिचर्चा, ज्ञान की परम्परा को आगे बढ़ाने तथा हजारों वर्षों की धरोहर को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम बनना चाहिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज हमने अपने ज्ञान और ग्रन्थों को सबके लिए सुलभ बनाया है। श्रीमद्भागवत महापुराण पिछले 05 हजार वर्षां से मानव जाति के कल्याण का मार्ग प्रशस्त कर रही है तथा हमें जीवन के रहस्यों से अवगत करा रही है। इस महापुराण की रचना भगवान वेदव्यास ने की थी। पहली भागवत कथा शुकदेव जी महराज ने शुक्रताल में सुनाई थी। यह दुनिया के लिए कौतुहल और रहस्य का विषय हो सकता है, लेकिन हमारे लिए जीवन पद्धति का हिस्सा है। हमने इससे इतर जीवन की कल्पना ही नहीं की है। उत्तर, दक्षिण, पूरब तथा पश्चिम प्रत्येक गांव में यज्ञ और प्रवचन आदि कार्य समय-समय पर आयोजित किये जाते हैं। पूरे देश में स्थानीय परम्परा के अनुसार मनुष्य किसी न किसी यज्ञ अथवा धर्मार्थ कार्य से जुड़ा रहता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि दुनिया में रामायण सबसे लोकप्रिय धारावाहिक है। देश-दुनिया में जब टेलीविजन या अन्य डिजिटल सुविधाएं यदा-कदा ही मौजूद थीं, तब भी लोग इस धारावाहिक को रोचकता के साथ देखते थे। कोरोना कालखण्ड में लॉकडाउन के दौरान रामायण धारावाहिक का जब पुनः प्रसारण किया गया, तब रामायण सर्वाधिक देखा जाने वाला सीरियल था। भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण व भगवान शंकर के बगैर भारत का एक पत्ता भी नहीं हिल सकता।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आजादी के बाद दुनिया के अन्दर यह आशंका उठायी जा रही थी कि भारत बहुत दिनों तक एक नहीं रह पायेगा। इस बारे में जब डॉ0 लोहिया जी से पूछा गया तो उन्होंने उत्तर दिया कि जब तक भारत में श्रीराम, श्री कृष्ण और भगवान शंकर की पूजा होती रहेगी, तब तक भारत का एक बाल भी बांका नहीं हो पायेगा। दुनिया की कोई भी शक्ति इसे विभाजित नहीं कर पायेगी। संत तुलसीदास जी ने रामायण व रामलीलाओं का प्रचलन उत्तर भारत में कराया था तथा रामायण मेले का प्रचलन डॉ0 लोहिया जी ने कराया था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जो राम का विरोधी है, उसकी दुर्गति होनी तय है। उसको सफलता व सद्गति कभी नहीं मिल सकती है। रामायण काल से यह चला आ रहा है कि जो राम को भजते हैं, वह सफल होते हैं। उदाहरणार्थ प्रभु श्रीराम को भजते-भजते भगवान हनुमान लोकपूज्य हो गये। आज भगवान हनुमान पूरे देश में पूज्य हैं। उच्च कुल में जन्म लेने के बाद भी मारीच की दुर्गति हुई थी। प्रभु श्रीराम में आस्था हमारी सुसभ्यता, संस्कृति, उत्कृष्टता व उन्नति का प्रतीक है। इनका संरक्षण करना हर भारतीय का दायित्व है। सनातन धर्म भारत की आत्मा है। सनातन धर्म उपासना मात्र नहीं, बल्कि यह जीवन जीने की पद्धति है। यह उपासना पद्धति सम्पूर्ण भारत को एक सूत्र में पिरोकर चलती है। सनातन धर्म के प्रतीक श्रीराम, श्रीकृष्ण, भगवान शंकर हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कल प्रदेश में एक साथ 37 करोड़ से अधिक पेड़ लगाकर वृक्षारोपण महाअभियान के अन्तर्गत एक नया कीर्तिमान स्थापित किया गया। इस महाभियान के अन्तर्गत नदी पुनरुद्धार का कार्य भी किया जा रहा है। हमें हमारी नदियों, धरती माता तथा पर्यावरण आदि का संरक्षण करना चाहिए। दुनिया में अनेक नदियां प्रदूषित हो रही हैं। पुनरुद्धार के माध्यम से उन्हें प्रदूषणमुक्त किया जा सकता है। हम भारतीय नदी की पूजा करते हैं। नदी संस्कृति को मानव उद्गम स्थल के रूप में मानते हैं। सभ्यताएं नदियों के किनारे ही फली, फूलीं तथा आगे बढ़ीं हैं। वह नदी संस्कृति अब नष्ट होने के कगार पर है। नदियों का जल प्रदूषित हो रहा है। इस प्रदूषण के कारण नई-नई बीमारियां उत्पन्न हो रहीं हैं।
पहले मस्तिष्क ज्वर के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, संतकबीरनगर आदि जनपदों में बड़ी संख्या में बच्चे काल कवलित हो जाते थे। गन्दगी व अशुद्ध पेयजल इसका कारण था। प्रत्येक घर में शौचालय व शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करने से इस बीमारी का उन्मूलन हो गया। हमें अपनी नदी संस्कृति को संरक्षित करना होगा। छोटे-छोटे प्रयासों तथा जन सहभागिता के माध्यम से नदियों का पुनरुद्धार किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री जी ने नदी संस्कृति को बचाने और हर नदी के पुनरूद्धार पर बल देते हुए कहा कि नदी को सदा नीरा रखने के लिए व्यापक वृक्षारोपण के साथ ही खाली जमीन पर तालाब खुदवाकर जल संरक्षण के साथ जुड़ना होगा। देश की 16 से 17 प्रतिशत आबादी उत्तर प्रदेश में निवास करती है, लेकिन प्रदेश का वन आच्छादन केवल 10 प्रतिशत ही है। राज्य सरकार के प्रयास से वन आच्छादन बढ़ा है, लेकिन इसको और अधिक बढ़ाये जाने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि दिल्ली के आसपास नवम्बर से फरवरी माह के बीच वायु प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। बुजुर्गों के लिए हेल्थ इमरजेंसी लागू की जाती है। महिलाओं और बच्चों को घर से बाहर जाने से रोका जाता है। आधुनिक तकनीकों का प्रयोग कर विकास के साथ स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा जा सकता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रयागराज महाकुम्भ-2025 में दुनिया के कोने-कोने से श्रद्धालु आए थे। मां गंगा की कृपा व प्रदेश सरकार के सार्थक प्रयास से महाकुम्भ सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। हम सबको गौरव की अनुभूति होनी चाहिए कि आज भारत एक बार फिर विरासत और विकास के समन्वय से आगे बढ़ा है।
———

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!