शानदार सफलता के साथ संपन्न हुई महिला इनामी हॉकी प्रतियोगिता, अध्यक्ष व संयोजक ने सबको किया धन्यवाद
जलालपुर, अम्बेडकर नगर: आचार्य नरेन्द्र देव इण्टर कॉलेज में आयोजित महिला इनामी हॉकी प्रतियोगिता का समापन भव्यता एवं उत्साह के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन हॉकी का प्रदर्शन करते हुए खेल भावना की मिसाल पेश की। अध्यक्ष दीपक त्रिपाठी और संयोजक देवेश मिश्र ने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "इस प्रतियोगिता का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना था, और हमें खुशी है कि हम इस मुकाम पर पूरी तरह सफल रहे। सभी खिलाड़ियों, कोच, अभिभावकों और दर्शकों के सहयोग से ही यह आयोजन इतना सफल हो सका।" संयोजक देवेश मिश्र ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, "हर छोटे से छोटे विवरण का ध्यान रखा गया, ताकि खिलाड़ियों को किसी तरह की असुविधा न हो। खिलाड़ियों के उत्साह और अनुशासन ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।" गौरतलब है कि इस प्रतियोगिता ने महिला खिलाड़ियों को एक मजबूत मंच प्रदान किया, जहाँ उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। आयोजकों ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन और बेहतर तरीके से किए जाएंगे।