

जलालपुर अम्बेडकर नगर।
महिला हॉकी महाकुंभ का भव्य शुभारंभ प्रदेश के खेल राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर पूरे खेल मैदान में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

उद्घाटन मैच में उत्तर पूर्व रेलवे और एकलव्य स्टेडियम अंबेडकरनगर की टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, जिसने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर तालियां बटोरीं।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में केएनएस मेमोरियल अस्पताल श्रृंखला की प्रमुख डॉ. मधुलिका सिंह, भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य राम प्रकाश यादव, अयोध्या प्रभारी डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष त्र्यंबक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष साधू वर्मा, किछौछा नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता, पूर्व सांसद रितेश पांडेय और जिला महामंत्री पंकज वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम संयोजक दीपक त्रिपाठी ने बताया कि इस महाकुंभ का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि अभिनव क्लब के माध्यम से संसाधनों के अभाव में पीछे रह जाने वाले खिलाड़ियों तक खेल पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
सचिव शनि पांडेय ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में रेलवे, पुलिस, एकलव्य स्टेडियम और अभिनव क्लब समेत कुल 10 टीमें भाग ले रही हैं। विभिन्न जिलों से आई टीमों के बीच आगामी दिनों में भी रोमांचक मुकाबले जारी रहेंगे।
उद्घाटन मैच में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों का दिल जीत लिया। बड़ी संख्या में पहुंचे खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।




