टॉप न्यूज़देशयुवायूपीराज्य

लखनऊ में साकार हुआ भगवान श्री सत्य साईं बाबा का सेवा मंत्र

"मरीज न जाए अस्पताल, अस्पताल आए मरीज के पास"

​”मरीज न जाए अस्पताल, अस्पताल आए मरीज के पास”

लखनऊ में साकार हुआ भगवान श्री सत्य साईं बाबा का सेवा मंत्र

​लखनऊ। आशियाना स्थित चांसलर क्लब में एक विशाल हृदय रोग निदान शिविर का आयोजन किया गया। श्री सत्य साई सेवा संगठन, उत्तर प्रदेश तथा गुजरात के अहमदाबाद व राजकोट स्थित श्री सत्य साई हार्ट हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में प्रदेश भर से आए सैकड़ों रोगियों का निःशुल्क परीक्षण किया गया।
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि माननीय न्यायमूर्ति श्री राजेश सिंह चौहान (उच्च न्यायालय, लखनऊ) द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उन्होंने बाबा की परोपकारी सेवाओं की सराहना करते हुए इसे मानवता की सच्ची सेवा बताया और कहा कि ऐसे प्रयास समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधा पहुँचाने में मील का पत्थर साबित होते हैं।
​शिविर के दौरान गुजरात से आए आठ विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अत्याधुनिक 2D ECHO मशीनों के जरिए रोगियों की गहन जांच की। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष श्री सचिन नेब ने जानकारी दी कि इस शिविर के लिए लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और बरेली सहित विभिन्न जिलों से 500 से अधिक रोगियों ने पंजीकरण कराया था। परीक्षण के पश्चात 180 ऐसे गंभीर रोगियों की पहचान की गई, जिन्हें तत्काल जटिल हृदय शल्य चिकित्सा (जैसे CABG, PDA, MVR, ASD) की आवश्यकता है। इन सभी मरीजों को अहमदाबाद और राजकोट स्थित साई अस्पतालों में ऑपरेशन के लिए भविष्य की तिथियां आवंटित की गई हैं, जहाँ इनका संपूर्ण उपचार और सर्जरी पूर्णतः निःशुल्क संपन्न की जाएगी। उल्लेखनीय है कि इन अस्पतालों ने इस वित्तीय वर्ष में देशभर में 1500 से अधिक सफल ऑपरेशन्स निःशुल्क किए हैं।
​सेवा और आध्यात्मिकता के अनूठे संगम के रूप में, एक ओर जहाँ चिकित्सा परामर्श चल रहा था, वहीं दूसरी ओर भगवान बाबा के शताब्दी जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में निरंतर 100 भजनों की प्रस्तुति दी गई। विभिन्न जिलों से आई भजन मंडलियों ने पूरे वातावरण को दिव्य ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया। प्रबंधन की दृष्टि से दूर-दराज से आए करीब 1200 लोगों (मरीजों व उनके परिजनों) के लिए आवास, नाश्ते और भोजन की भी निःशुल्क व्यवस्था संगठन द्वारा की गई थी। जिला अध्यक्ष अजय कपूर ने बताया कि शिविर के सफल संचालन में सेवादारों और चिकित्सकों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में डॉ. मनोज भीमानी और डॉ. विजय अग्रवाल जैसे प्रख्यात चिकित्सकों ने मरीजों का मनोबल बढ़ाया और भगवान की मंगल आरती के साथ शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!