टॉप न्यूज़दुनियादेशधर्मयुवायूपीराजनीतिराज्यलोकल न्यूज़

रसोई गैस नारी गरिमा व स्वच्छ पर्यावरण का प्रतीक : मुख्यमंत्री

देश में 11 करोड़ गरीबों को निःशुल्क रसोई गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराए गए

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क रसोई गैस सिलेण्डर रिफिल वितरण का शुभारम्भ किया

प्रदेश के 1.86 करोड़ पात्र परिवारों को निःशुल्क रसोई गैस सिलेण्डर रिफिल सब्सिडी हस्तान्तरित की

रसोई गैस नारी गरिमा व स्वच्छ पर्यावरण का प्रतीक : मुख्यमंत्री

प्रधानमंत्री जी के ‘सबका साथ सबका विकास’ मंत्र के माध्यम से सभी जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के प्राप्त हो रहा

देश में 11 करोड़ गरीबों को निःशुल्क रसोई गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराए गए

प्रदेश में होली व दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क रसोई गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराए जा रहे

विगत साढ़े आठ वर्षों में सभी समुदायों के पर्व एवं त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित

दीपावली के अवसर पर स्थानीय हस्तशिल्पियों व कारीगरों द्वारा बनाई गई स्वदेशी सामग्रियाँ खरीदें

स्वदेशी वस्तुओं की बिक्री से होने वाला मुनाफा श्रमिकों, हस्तशिल्पियों व कारीगरों को मिलेगा, इससे वे समृद्ध होंगे तथा विकसित भारत की संकल्पना साकार होगी

हमें अपने हृदय में गरीबों के प्रति संवेदना रखनी चाहिए, घर के खर्चों से अतिरिक्त धनराशि का उपयोग गरीबों की सहायता व परमार्थ कार्यां में करें, इससे पर्व व त्योहार और अधिक आनन्ददायक हो जाते

लखनऊ : 15 अक्टूबर, 2025

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि पर्व व त्योहारों का उद्देश्य सामूहिकता की भावना को उत्साह के साथ प्रदर्शित करना होता है। प्रदेश सरकार ने वर्ष 2021 में तय किया था कि वर्ष में 02 बार, होली व दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क रसोई गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराए जाएंगे। आज यहां प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि से निःशुल्क रसोई गैस सिलेण्डर रिफिल सब्सिडी का वितरण किया जा रहा है। यह दीपावली पर्व का उपहार है।
मुख्यमंत्री जी आज यहां प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के प्रदेश के 1.86 करोड़ लाभार्थियों को निःशुल्क रसोई गैस सिलेण्डर रिफिल वितरण के शुभारम्भ कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने 10 लाभार्थियों को निःशुल्क रसोई गैस सिलेण्डर रिफिल सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किये। ज्ञातव्य है कि प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि प्राविधानित की है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि रसोई गैस नारी गरिमा व स्वच्छ पर्यावरण का प्रतीक बन चुकी है। निःशुल्क रसोई गैस सिलेण्डर प्राप्त होने से हुई बचत को परिवार के अन्य खर्चों में उपयोग किया जा सकता है। लोक कल्याणकारी सरकार का दायित्व जरूरतमंदों को शासन की योजनाओं का लाभ पूरी निष्ठा के साथ उपलब्ध कराना होता है। अच्छी सरकार लोकमंगल की कामना के साथ सभी नागरिकों के हित के विषय में सोचती है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘सबका साथ सबका विकास’ मंत्र के माध्यम से सभी जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के प्राप्त हो रहा है। देश में 11 करोड़ गरीबों को निःशुल्क रसोई गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराए गए। प्रदेश में 01 करोड़ 86 लाख परिवारों को यह सुविधा प्राप्त हो रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य करते हुए प्रदेश में कानून-व्यवस्था का बेहतर वातावरण निर्मित किया गया है। इस वातावरण में बेटियां तथा व्यापारी स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। विगत साढ़े आठ वर्षों में सभी समुदायों के त्योहार जैसे होली, दीपावली, विजयदशमी, जन्माष्टमी, रामनवमी, ईद, क्रिसमस, गुरु पर्व शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किये गये हैं। पर्व व त्योहार अपनी-अपनी आस्था के अनुरूप सामूहिक रूप से अपनी अभिव्यक्ति को समाज के समक्ष प्रस्तुत करने का एक माध्यम होते हैं। इनका उद्देश्य सामूहिक रूप से परिवार की खुशियों को समाज, प्रदेश व देश के साथ आपस में बांटना है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हमें अपने हृदय में गरीबों के प्रति संवेदना रखनी चाहिए। अपने घर के खर्चों से बची अतिरिक्त धनराशि का उपयोग गरीबों की सहायता तथा परमार्थ कार्यां में करना चाहिए। गरीबों की सहायता करने से पर्व व त्योहार और अधिक आनन्ददायक हो जाते हैं। प्रदेश सरकार प्रत्येक वंचित, शोषित तथा दलित के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री जी ने प्रदेशवासियों से आह्वान करते हुए कहा कि दीपावली त्योहार के अवसर पर स्थानीय हस्तशिल्पियों व कारीगरों द्वारा बनाये गये दीप, लक्ष्मी-गणेश जी की प्रतिमा व अन्य स्वदेशी सामग्रियों को खरीदें। स्वजनों, शुभचिन्तकों तथा मित्रों को उपहारस्वरूप स्वदेशी वस्तुएं भेंट करें। इससे हस्तशिल्पियों व कारीगरों के उद्यम को बल मिलेगा। स्वदेशी वस्तुओं की बिक्री से होने वाला मुनाफा श्रमिकों, हस्तशिल्पियों व कारीगरों को मिलेगा। इससे वे समृद्ध होंगे तथा यही समृद्धि देश के काम आएगी। इससे विकसित भारत की संकल्पना साकार होगी।
इस अवसर पर निःशुल्क राशन एवं रसोई गैस सिलेण्डर रिफिल वितरण पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी।
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।
इस अवसर पर सांसद डॉ0 दिनेश शर्मा, श्री संजय सेठ, श्री बृजलाल, विधायक श्री नीरज बोरा, श्रीमती जयदेवी, श्री अमरेश कुमार, श्री योगेश शुक्ल, विधान परिषद सदस्य श्री मुकेश शर्मा, श्री लालजी प्रसाद निर्मल, लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
——-

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!