
मुख्यमंत्री ने जनपद जालौन में लगभग 1,900 करोड़ रु0 लागत
की 305 विकास परियाजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया
विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को आवास की प्रतीकात्मक
चाभी, प्रमाण-पत्र, प्रतीकात्मक चेक, स्वीकृति-पत्र, प्रशस्ति-पत्र प्रदान किये
पचनदा का प्रोजेक्ट बनाकर जनपद जालौन की भूमि को एक बार फिर
सबसे उर्वरा भूमि के रूप में बदलने का कार्य किया जाएगा : मुख्यमंत्री
बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे जनपद जालौन के मध्य से होकर जाता
कालपी के हस्तशिल्पियों ने हैण्डमेड कागज के माध्यम से जनपद जालौन
को एक नयी पहचान दिलाई, राज्य सरकार ने हैण्डमेड कागज को
ओ0डी0ओ0पी0 बनाकर इसे अलग पहचान देने का कार्य किया
प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के
लिए प्रदेश सरकार ने विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को आगे बढ़ाया
उ0प्र0 विकसित तभी होगा जब जालौन विकसित होगा, जालौन को विकसित
बनाने के लिए हमें ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायतों, जिला पंचायत, सभी
वार्ड व नगर निकायों को आत्मनिर्भर व विकसित बनाना होगा
डबल इंजन सरकार पर्व व त्योहारों को सुरक्षा व सम्मान के साथ आगे बढ़ाने का
कार्य कर रही, आज माफिया प्रवृत्ति, अराजकता के लिए उ0प्र0 में कोई जगह नहीं
प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में जी0एस0टी0 रिफॉर्म
के माध्यम से आम नागरिकों को महंगाई से राहत दी गयी
विकास की शत प्रतिशत धनराशि विकास में ही खर्च हो, यह हम सबका
संकल्प होना चाहिए, यही स्वसंकल्प हमें विकसित भारत की ओर लेकर जाएगा
लखनऊ : 09 अक्टूबर, 2025
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने दीपावली के उपहार स्वरूप जालौनवासियों को आज लगभग 1,900 करोड़ रुपये की विकास परियाजनाओं की सौगात दी है। जनपद जालौन में पांच नदियां यमुना, चम्बल, सिंध, पहूज तथा क्वारी एक साथ मिलती हैं। यह स्थान पचनदा के रूप में जाना जाता है, जो यहां के आध्यात्मिक व ऐतिहासिक पृष्ठभूमि की ओर हम सबका ध्यान आकर्षित करता है। इसलिए राज्य सरकार ने तय किया है कि यदि बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे जनपद जालौन के मध्य से होकर जाता है, तो पचनदा का प्रोजेक्ट बनाकर जनपद जालौन की भूमि को एक बार फिर सबसे उर्वरा भूमि के रूप में बदलने का कार्य किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद जालौन में एक जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पूर्व मुख्यमंत्री जी ने लगभग 1,900 करोड़ रुपये लागत की 305 विकास परियाजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। यह विकास परियोजनाएं पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, निराश्रित गोवंश, सिंचाई व अन्य विकास कार्यां से जुड़ी हुई हैं। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को आवास की प्रतीकात्मक चाभी, प्रमाण-पत्र, प्रतीकात्मक चेक, स्वीकृति-पत्र, प्रशस्ति-पत्र प्रदान किये और बच्चों को अन्नप्रासन कराया। मुख्यमंत्री जी ने एक प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद जालौन ऋषि जलवान और भगवान वेदव्यास की पावन स्थली के साथ ही पौराणिक व ऐतिहासिक रूप से प्रसिद्ध रहा है। यह जालौनी माता, भगवान वेदव्यास, रक्तदन्तिका मन्दिर, वैरागढ़ मन्दिर, सूर्यकुण्ड की पावन धरा भी है। यहां के स्वाधीनता संग्राम सेनानियों ने फिरंगियों के दांतों को खट्टा करने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया था। कालपी आज भी इसका जीवन्त उदाहरण है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कालपी के हस्तशिल्पियों ने हैण्डमेड कागज के माध्यम से जनपद जालौन को एक नयी पहचान दिलाई है। राज्य सरकार ने हैण्डमेड कागज को ‘एक जिला एक उत्पाद’ बनाकर इसे अलग पहचान देने का कार्य किया है। जालौनवासियों ने सम-विषम परिस्थितियों का सामना करते हुए विकास को प्राथमिकता दी है। यही वजह है कि आज लगभग 1,900 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उपहार प्राप्त हुआ है। अच्छी सरकार विकास, रोजगार व सुरक्षा प्रदान करती है और प्रत्येक तबके के लोगों के लिए स्वावलम्बन का मार्ग भी प्रशस्त करती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार ने विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को आगे बढ़ाया है। उत्तर प्रदेश विकसित तभी होगा, जब जालौन विकसित होगा। जालौन को विकसित बनाने के लिए हमें ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायतों, जिला पंचायत, सभी वार्ड व नगर निकायों को आत्मनिर्भर व विकसित बनाना होगा। विकसित उत्तर प्रदेश के लिए उत्तर प्रदेश विधानसभा में लगातार 28 घण्टे तक चर्चा की गयी थी। प्रदेश सरकार ने विकसित उत्तर प्रदेश/2047 के विजन डॉक्यूमेण्ट में आम नागरिकों की सहभागिता के लिए ‘विकसित उत्तर प्रदेश समर्थ उत्तर प्रदेश/2047 सुझाव पोर्टल’ व क्यू0आर0 कोड की व्यवस्था दी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि डबल इंजन सरकार पर्व व त्योहारों को सुरक्षा व सम्मान के साथ आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। आज माफिया प्रवृत्ति, अराजकता के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं है। बेटी की सुरक्षा, व्यापारी का संरक्षण, अन्नदाता किसान की खुशहाली तथा नौजवान के रोजगार की व्यवस्था के लिए डबल इंजन सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। अपराध व अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य किया जा रहा है। अगर किसी ने बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाई, किसी गरीब की जमीन पर कब्जा करने या अराजकता फैलाने का कुत्सित प्रयास किया, पर्व व त्यौहारों के दौरान रंग में भंग डालने का कार्य किया, तो ऐसे लोगों से राज्य सरकार सख्ती से निपटेगी। इसके उदाहरण आप सबके सामने हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व उत्तर प्रदेश के नौजवानों व नागरिकों के सामने पहचान का संकट था। आज उत्तर प्रदेश विकास के पैमाने पर एक नये प्रतिमान स्थापित करता हुआ दिखायी दे रहा है। डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य से उबारकर एक विकसित राज्य के रूप में स्थापित करने का कार्य किया है। आज उत्तर प्रदेश, भारत की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है। अबयहां के नौजवानांं को प्रदेश में ही रोजगार तथा अन्नदाता किसानों को हर प्रकार की सुविधाएं मिल रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में जी0एस0टी0 रिफॉर्म के माध्यम से आम नागरिकों को महंगाई से राहत दी गयी है। डबल इंजन सरकार समाज के हर वर्ग के लिए बिना भेदभाव शासन की योजनाओं को पहुंचाने का कार्य कर रही है। प्रदेश में 60 लाख गरीबों के पक्के मकान बन गये हैं। 02 करोड़ 61 लाख गरीबों के घरों में शौचालय, 01 करोड़ 86 लाख गरीबों को निःशुल्क रसोईगैस कनेक्शन व 01 करोड़ 56 लाख लोगों को निःशुल्क विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराये गये हैं। प्रदेश सरकार ने साढ़े 08 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी देने का कार्य किया है। एम0एस0एम0ई0 के माध्यम से 02 करोड़ से अधिक नौजवानों को रोजगार प्राप्त हुआ है। बड़े निवेश के माध्यम से 60 लाख नौजवानों को नौकरी व रोजगार की गारण्टी मिली है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि समाज की जागरूकता विकास लेकर आती है और सुरक्षा का बेहतर माहौल बनाती है। लोगों की समस्याओं का निराकरण मेरिट के आधार पर किया जाए। किसी गरीब, दलित, वंचित, व्यापारी, किसान, महिला व समाज के किसी भी वर्ग के व्यक्ति के साथ शोषण व अत्याचार करने वालों के खिलाफ राज्य सरकार कठोर कार्यवाही करेगी। हमें जातिवादी मानसिकता से अपने आप को बचाना होगा। सरकार हर परिस्थिति में आपके साथ खड़ी है। विकास की शत प्रतिशत धनराशि विकास में ही खर्च हो, यह हम सबका संकल्प होना चाहिए। यही स्वसंकल्प हमें विकसित भारत की ओर लेकर जाएगा।
इस अवसर पर जलशक्ति मंत्री श्री स्वतन्त्र देव सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


