टॉप न्यूज़दुनियादेशधर्मयुवायूपीराजनीतिराज्यलोकल न्यूज़

इस अभियान का उद्देश्य जी0एस0टी0 में किए गए सुधारों को व्यापक रूप से जन-जन तक पहुंचाना और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना: मुख्यमंत्री

जी0एस0टी0 रिफाॅर्म से वस्तुएं सस्ती होंगी, लोगों की क्रय शक्ति बढ़ेगी, इससे निवेश आएगा और रोजगार का सृजन होगा

मुख्यमंत्री ने वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘जी0एस0टी0
रिफाॅर्म जागरूकता अभियान’ के पहले चरण की रूपरेखा प्रस्तुत की

इस अभियान का उद्देश्य जी0एस0टी0 में किए गए सुधारों को व्यापक
रूप से जन-जन तक पहुंचाना और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना: मुख्यमंत्री

अभियान के दौरान यह संदेश दिया जाए कि स्वदेशी केवल एक
नारा नहीं, बल्कि भारत के श्रम, हुनर और परिश्रम की पहचान

जी0एस0टी0 रिफाॅर्म से वस्तुएं सस्ती होंगी, लोगों की क्रय
शक्ति बढ़ेगी, इससे निवेश आएगा और रोजगार का सृजन होगा

दुकानों पर ‘गर्व से कहो यह स्वदेशी है’ का पोस्टर लगाए जाएं, दुकानदारों
से आग्रह किया जाए कि वे अपने यहाँ स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें

इस अभियान का नेतृत्व सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा उनके इलाके
में हर रोज अलग-अलग स्थानों पर होगा, वह स्वयं तथा
दोनों उपमुख्यमंत्री इस अभियान में शामिल होंगे

लखनऊ: 20 सितम्बर, 2025:ः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां अपने सरकारी आवास पर आहूत एक बैठक में वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश सरकार में शामिल एन0डी0ए0 के सभी विधायकों और मंत्रियों के साथ बैठक कर ‘जी0एस0टी0 रिफाॅर्म जागरूकता अभियान’ के पहले चरण (22 से 29 सितम्बर, 2025) की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस अभियान का उद्देश्य जी0एस0टी0 में किए गए सुधारों को व्यापक रूप से जन-जन तक पहुंचाना और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना है। मुख्यमंत्री जी ने सभी जनप्रतिनिधियों को इसे प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए, ताकि त्योहारी सीजन में व्यापारियों, दुकानदारों और आम जनता को इसका पूरा लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस अभियान का नेतृत्व सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा उनके इलाके में हर रोज अलग-अलग स्थानों पर होगा। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वह स्वयं इस अभियान में शामिल होंगे। साथ ही दोनों उपमुख्यमंत्री भी इस अभियान को लगातार सात दिन आगे बढ़ाएंगे। सभी सांसद, मंत्री, विधायक, एम0एल0सी0 और पार्षद अपने-अपने क्षेत्रों में रोजाना 1-2 घंटे बाजारों में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। जनपदों में प्रभारी मंत्री स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कर उन्हें अभियान से जोड़ेंगे, ताकि यह पहल हर स्तर पर प्रभावी हो सके।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रतिदिन अलग-अलग बाजारों का दौरा किया जाएगा। दुकानदारों को गुलाब का फूल भेंट कर धन्यवाद दिया जाएगा। दुकानदारों को बताया जाए कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने उनकी लम्बे समय से चली आ रही मांग के अनुसार जी0एस0टी0 रिफॅर्म लागू किया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि दुकानों पर ‘गर्व से कहो यह स्वदेशी है’ का पोस्टर लगाए जाएं। साथ ही, दुकानदारों से आग्रह किया जाए कि वे अपने यहाँ स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिले। अभियान के दौरान यह संदेश दिया जाए कि स्वदेशी केवल एक नारा नहीं, बल्कि भारत के श्रम, हुनर और परिश्रम की पहचान है। स्थानीय और भारतीय उत्पादों को अपनाने से ही आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत का सपना साकार होगा। दुकानदारों और ग्राहकों को प्रेरित किया जाए कि वे गर्व के साथ स्वदेशी सामान का उपयोग करें, जिससे देश की आर्थिक प्रगति को गति मिले।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि त्योहारों की खरीदारी के मौके पर ग्राहकों से संवाद कर उन्हें बताया जाए कि जी0एस0टी0 रिफाॅर्म से आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है, जिससे सस्ता सामान उपलब्ध हो रहा है। ग्राहकों को भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया जाए। ग्राहकों के छोटे-छोटे वीडियो बनाए जाएं, जिसमें वे सस्ते सामान मिलने पर प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देंगे। ये वीडियो अभियान के सकारात्मक प्रभाव को उजागर करेंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि दुकानदारों और ग्राहकों को सरल भाषा में समझाएंगे कि जी0एस0टी0 रिफाॅर्म ने व्यापार को आसान बनाया है। जनता को सस्ता सामान उपलब्ध कराया है और स्वदेशी उत्पादों के प्रयोग से भारत आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र बनेगा। हर स्तर पर जागरूकता फैलाने का प्रयास होगा, ताकि यह सुधार व्यापारी और उपभोक्ता दोनों के लिए लाभकारी सिद्ध हो।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सभी प्रभारी मंत्री अपने प्रभार वाले जनपदों में जाएं और वहां के स्थानीय निकायों और व्यापरिक संगठनों, किसानों और आम जनता से मुलाकात कर उन्हें इसका फायदा बताएं। इसे एक साथ पूरे प्रदेश में लागू किया जाए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी इसमें शामिल किया जाए। जी0एस0टी0 रिफाॅर्म से वस्तुएं सस्ती होंगी, लोगों की क्रय शक्ति बढ़ेगी। इससे निवेश आएगा और रोजगार का सृजन होगा। आम लोगों को इसके बारे में जागरूक करना जरूरी है। त्योहारों में खरीदारी करने वाले लोगों से भी संवाद किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों से सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अभियान न केवल आर्थिक प्रगति को बढ़ावा देगा, बल्कि स्वदेशी को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करेगा। जनता के सहयोग से ही यह सुधार अपने लक्ष्य तक पहुंचेगा। इससे विकसित और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प पूरा हो सकेगा। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से उनके अगले सात दिन के कार्यक्रम की रूपरेखा भेजने और उसे तत्परता से लागू करने के निर्देश दिए।

————

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!