
मुख्यमंत्री ने मिशन रोजगार के अन्तर्गत उ0प्र0 पुलिस दूर संचार विभाग के नवचयनित
1,494 सहायक परिचालकों/कार्यशाला कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए
युवा ऊर्जा के बल पर हम एक विकसित भारत की परिकल्पना और एक समर्थ उ0प्र0
के संकल्प को आगे बढ़ा सकते, यही प्रधानमंत्री जी का भी विजन : मुख्यमंत्री
प्रदेश सरकार ने पुलिस भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शितापूर्वक सम्पन्न
करने के लिए पुलिस भर्ती बोर्ड के सुदृढ़ीकरण का कार्य आगे बढ़ाया
सर्वाधिक पुलिस भर्ती और सरकारी नौकरी प्रदान करने वाले राज्यों में उ0प्र0 आज देश में अग्रणी
प्रदेश सरकार ने नए ट्रेनिंग इन्स्टीट्यूट बनाकर पुलिस बल की ट्रेनिंग क्षमता में वृद्धि की
राज्य पुलिस की अवस्थापना सुविधाओं में भी वृद्धि की गई, जनपदों में हाईराइज बैरकों का
निर्माण पुलिस बल के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध करायी गई
उ0प्र0 पुलिस ने स्वयं को मॉडल के रूप में स्थापित किया, पूरा देश
राज्य की कानून व्यवस्था में हुए व्यापक सुधारों को स्वीकार कर रहा
प्रदेश सरकार ने अब तक साढ़े 08 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान कीं
राज्य का परसेप्शन बदला और सुरक्षा का बेहतर
वातावरण निर्मित हुआ, तो यहां अच्छे निवेश की प्राप्ति हुई
आधी आबादी को वंचित कर हम विकास के किसी भी अच्छे मॉडल
को प्रस्तुत नहीं कर सकते, विकास में महिलाओं की भागीदारी आवश्यक
लखनऊ : 03 अगस्त, 2025
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने उत्तर प्रदेश पुलिस दूर संचार विभाग के नवचयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि युवा ऊर्जा के बल पर ही हम एक विकसित भारत की परिकल्पना और एक समर्थ उत्तर प्रदेश के संकल्प को आगे बढ़ा सकते हैं। यही प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का भी विजन है। आप सभी देश के सबसे बड़े सिविल पुलिस बल का हिस्सा बने हैं। प्रदेश सरकार ने जितनी ईमानदारी और पारदर्शिता पूर्ण तरीके से आपकी भर्ती की है, आपको उतनी ही तत्परता और ईमानदारीपूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा।
मुख्यमंत्री जी आज यहां इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में मिशन रोजगार के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस दूर संचार विभाग के नवचयनित 1,494 सहायक परिचालकों/कार्यशाला कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने के पश्चात अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के आह्वान पर वर्ष 2017 में प्रदेश सरकार ने पुलिस भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शितापूर्वक सम्पन्न करने के लिए पुलिस भर्ती बोर्ड के सुदृढ़ीकरण का कार्य आगे बढ़ाया। प्रदेश सरकार ने तय किया कि भर्ती प्रक्रिया ईमानदारीपूर्वक सम्पन्न होनी चाहिए। यदि किसी भी भर्ती बोर्ड व आयोग ने युवाओं भविष्य के साथ खिलवाड़ किया, तो उसकी जवाबदेही तय होगी। भर्ती प्रक्रिया में सेंधमारी करने वालां को भी जवाब देना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा उठाए गए कदमां के परिणामस्वरूप सर्वाधिक पुलिस भर्ती और सरकारी नौकरी प्रदान करने वाले राज्यों में उत्तर प्रदेश आज देश के अग्रणी राज्यों में है। उत्तर प्रदेश पुलिस बल देश में सिविल पुलिस का ऐसा एक मात्र पुलिस बल हो सकता है, जिसने 02 लाख 17 हजार 500 से अधिक पुलिस कार्मिकों की निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया से भर्ती सम्पन्न की है। विगत 08 वर्षों में पुलिस में जितनी भर्तियां की गई हैं, बहुत सारे राज्यों में पूरा पुलिस बल इसका एक चौथाई भी नहीं है। वर्तमान में प्रदेश में 30 हजार अतिरिक्त पुलिस बलों की भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने नए ट्रेनिंग इन्स्टीट्यूट बनाकर पुलिस बल की ट्रेनिंग की क्षमता में वृद्धि की है। अभी हाल ही में 60,244 पुलिस आरक्षियों की भर्ती प्रक्रिया को सम्पन्न किया गया है। इन सभी पुलिस कार्मिकों की ट्रेनिंग प्रदेश में एक साथ कुशलतापूर्वक करायी जा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य पुलिस की अवस्थापना सुविधाओं में भी वृद्धि की गई है। जनपदों में हाईराइज बैरकों का निर्माण पुलिस बल के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध करायी गई है। वर्ष 2017 से पूर्व प्रदेश के 10 जनपदों में पुलिस लाइन नहीं थी। प्रदेश सरकार द्वारा इन जनपदों में पुलिस लाइन गठित की गईं। पुलिस मुख्यालय बनाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। पुलिस में व्यापक रिफॉर्म किए। 07 नई पुलिस कमिश्नरेट का गठन किया गया। उत्तर प्रदेश पुलिस ने स्वयं को मॉडल के रूप में स्थापित किया है। पूरा देश राज्य की कानून व्यवस्था में हुए व्यापक सुधारों को स्वीकार कर रहा है। महाकुम्भ-2025 के दिव्य और भव्य आयोजन में उत्तर प्रदेश पुलिस का व्यवहार, तत्परता तथा संवेदनशीलता का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अब तक साढ़े 08 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं। राज्य का परसेप्शन बदला और सुरक्षा का बेहतर वातावरण निर्मित हुआ, तो यहां अच्छे निवेश की प्राप्ति भी हुई। निवेश के माध्यम से लगभग 02 करोड़ युवाओं को उनके स्वयं के जनपद में रोजगार की नई सम्भावनाएं प्रदान की गईं। शासन की कार्यवाही अनवरत आगे बढ़ने से आउटसोर्सिंग के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया को नई दिशा प्राप्त हुई।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयासों से राज्य ने स्वयं को देश की सबसे उभरती हुई अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित किया है। इसके लिए सरकार को कड़े कदम उठाने पड़े। मजबूती के साथ आगे बढ़ना पड़ा। भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनानी पड़ी। आजादी के अमृतकाल में विकसित भारत की परिकल्पना के साथ देश दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। आम नागरिक को स्वतंत्रता का एहसास कराने के लिए पुलिस बल को और अधिक संवेदनशील बनना पड़ेगा। अपराध और अपराधियों के विरुद्ध उतना ही सख्त भी होना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आधी आबादी को वंचित कर हम विकास के किसी भी अच्छे मॉडल को प्रस्तुत नहीं कर सकते। महिलाओं की भागीदारी भी आवश्यक है। प्रदेश सरकार ने पहले से तय किया है कि पुलिस बल में कम से कम 20 प्रतिशत महिलाओं की नियुक्ति हो। टेलीकॉम पुलिस के 1,494 कार्मिकों की भर्ती में 20 प्रतिशत के लक्ष्य को प्राप्त किया गया है। आने वाले समय में 20 प्रतिशत के लक्ष्य को और अधिक बढ़ाना पड़ेगा। टेलीकॉम पुलिस ने महाकुम्भ 2025 के दौरान बेहतरीन प्रदर्शन किया था। टेलीकॉम पुलिस कम्युनिकेशन का माध्यम है। टेक्नोलॉजी किसी भी फोर्स का महत्वपूर्ण हिस्सा होती है। उत्तर प्रदेश जैसे राज्य में टेक्नोलॉजी का उपयोग सूचनाओं का बेहतर आदान-प्रदान अत्यन्त आवश्यक है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा करने वाले अग्निवीरों को उत्तर प्रदेश पुलिस में 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण प्रदान किए जाने की व्यवस्था की जा रही है। इसके माध्यम से हमें ट्रेंड मैनपावर प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में मिशन रोजागर पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कृष्ण, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना श्री संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक पी0एच0क्यू0 श्री आनन्दस्वरूप, पुलिस महानिदेशक दूर संचार श्री आशुतोष पाण्डेय, पुलिस महानिदेशक भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड श्री एस0बी0 शिराडकर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
——–