यूपीलोकल न्यूज़

सी.एम.एस. महानगर द्वारा आयोजित माॅडल यूनाइटेड नेशन्स का भव्य समापन

वैश्विक चुनौतियों पर सारगर्भित परिचर्चा की बाल प्रतिनिधियों ने

 

 

सी.एम.एस. महानगर द्वारा आयोजित माॅडल यूनाइटेड नेशन्स का भव्य समापन
वैश्विक चुनौतियों पर सारगर्भित परिचर्चा की बाल प्रतिनिधियों ने
लखनऊ, 13 जुलाई। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, महानगर कैम्पस द्वारा विद्यालय के सभागार में आयोजित दो-दिवसीय माॅडल यूनाइटेड नेशन्स (एम.यू.एन.-2025) के दूसरे व अन्तिम दिन प्रतिभागी छात्रों ने वैश्विक समस्याओं पर चर्चा-परिचर्चा करते हुए संदेश दिया कि सर्वश्रेष्ठ विश्व व्यवस्था के लिए एकता व शान्ति ही अन्तिम विकल्प है। एम.यू.एन.-2025 के अन्तर्गत विभिन्न देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतिभागी छात्रों ने संयुक्त राष्ट्र संघ की कार्यवाही का हूबहू नजारा प्रस्तुत किया और विभिन्न वैश्विक समस्याओं पर खुलकर अपने विचार रखे। प्रतिभागी छात्रों ने अपने सारगर्भित, ओजपूर्ण एवं प्रभावशाली उद्बोधन की छाप छोड़ते हुए साबित कर दिया कि भावी पीढ़ी में सकारात्मक चिंतन के साथ विश्व की समस्याओं का समाधान करने की क्षमता मौजूद है। ‘ब्रिजिंग बार्डस, बिल्डिंग फ्यूचर्स’ थीम पर आधारित इस एम.यू.एन. में देश भर के प्रतिष्ठित विद्यालयों से पधारे 350 से अधिक छात्रों ने प्रतिभाग किया।
माॅडल यूनाइटेड नेशन्स के अन्तर्गत संयुक्त राष्ट्र संघ की विभिन्न शाखाओं का प्रतिनिधित्व करती हुई छात्रों की नौ समितियों का गठन किया गया। प्रत्येक समिति में अलग-अलग वैश्विक मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई, जिन पर विभिन्न देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतिभागी छात्रों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रत्येक समिति में एक अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष थे जिन्होंने चर्चा-परिचर्चा का कुशल संचालन किया।
जहाँ एक ओर, आसियान कमेटी आॅन साइन्स, टेक्नोलाॅजी एण्ड इनोवेशन के अन्तर्गत छात्र प्रतिनिधियों ने नवाचार और विनियमन के बीच संतुलन की जाँच करते हुए क्षेत्रीय डेटा प्रशासन के ढाँचों की पड़ताल की और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग बढ़ाते हुए डिजिटल स्वायत्तता की रक्षा हेतु रणनीतियों पर चर्चा की, तो वहीं दूसरी ओर, यूनाइटेड नेशन्स सिक्योरिटी काउन्सिल के अन्तर्गत छात्र प्रतिनिधियों ने विश्व में एकता, शान्ति व स्थिरता के प्रयासों को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए युद्धरत देशों से संयम की अपील की। फ्यूचरिस्टिक इकोनाॅमिक एण्ड सोशल काउन्सिल के अन्तर्गत प्रतिभागी छात्रों ने मिडिल ईस्ट के विभिन्न देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए विचार व्यक्त किये कि हथियारों की दौड़ समाज के विकास में बाधक है। एकता व शान्ति के लिए हथियारों की नहीं अपितु आपसी बातचीत व सहयोग भावना की आवश्यकता है। इसी प्रकार, आॅल इण्डिया पाॅलिटिकल पार्टीज मीट के अन्तर्गत प्रतिभागी छात्रों ने राजनीतिक दलों का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने विचार रखे जबकि ज्वाइन्ट क्राइसिस कमेटी के अन्तर्गत रणनीतिक मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई। इण्टरनेशनल प्रेस कमेटी के अन्तर्गत छात्रों ने प्रेस रिपोर्टस की भूमिका को बखूबी निभाया और अपनी रिपोटिंग, फोटोग्राफी व वीडियो द्वारा विभिन्न मुद्दों पर जनमानस को जागरूक करने का शानदार प्रयास किया। विभिन्न देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए छात्रों की सारगर्भित परिचर्चा इस बात का स्पष्ट प्रमाण थी कि छात्र काफी शोध व गहन अध्ययन करके अपने विचारों को प्रस्तुत कर रहे थे। ज्ञान के इस आदान-प्रदान से सभी को लाभ हो रहा था एवं नई पीढ़ी में कुछ नया करने व दुनिया में सकारात्मक बलदाव लाने की भावना झलक रही थी।
  एम.यू.एन.-2025 के समापन सत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी छात्रों पुरष्कृत कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संयोजिका एवं सी.एम.एस. महानगर कैम्पस की वरिष्ठ प्रधानाचार्या डा. कल्पना त्रिपाठी ने कहा कि यह सम्मेलन इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि नई पीढ़ी में कुछ नया करने व दुनिया में सकारात्मक बदलाव लाने की तीव्र इच्छाशक्ति है। उन्होंने सम्मेलन की अभूतपूर्व सफलता हेतु सभी का हार्दिक आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!